वाह गजब! अपने प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा तक नही पहचानते आगरा के कांग्रेस कार्यकर्ता, एक होर्डिंग ने करा दी पार्टी की किरकिरी

Politics

आगरा: कांग्रेस कार्यकर्ता की एक गलती ने पूरी पार्टी की किरकिरी करा दी। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष की निगाहों में अपनी अच्छी पोजीशन और नंबर बढ़ाने की चाहत में कांग्रेस कार्यकर्ता ने उनके आगमन व स्वागत हेतु बैनर तो लगवा दिया लेकिन उस बैनर को चेक नहीं किया। बैनर में प्रदेश अध्यक्ष का नाम तो सही था लेकिन फोटो किसी और की लगा दी गई। जिससे पार्टी कार्यालय में यह चर्चा का विषय बना रहा और जो लोग कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को जानते थे, वह इस बैनर को लेकर चटखारे लेने लगे।

बृजलाल खाबरी जो इस समय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष है। हाल ही में कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद बृजलाल खाबरी पहली बार आगरा आए थे। उनके स्वागत और सत्कार के लिए कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह होर्डिंग भी लगवाए। एक कार्यक्रम उनका कार्यालय उद्घाटन का भी था। वहां पर भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत के लिए होर्डिंग्स लगवा दिए।

लेकिन इस होर्डिंग ने ही शहर में कांग्रेस पार्टी की किरकिरी कर दी। पार्टी अध्यक्ष की निगाहों में अपने नंबर बढ़ाने की चाह में जो बैनर लगाए गया था, उस पर नाम तो नवनिर्वाचित अध्यक्ष का था लेकिन फोटो किसी और कांग्रेस नेता की लगा दी गई। होर्डिंग लगाने वाले लोगों ने हार्डिंग भी लगा दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां से गुजरते भी रहे लेकिन किसी ने भी इस होर्डिंग को हटवाने की जहमत नहीं उठाई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कदम ने और इस गलती ने विपक्ष को भी हमलावर होने का मौका दे दिया। बड़ा सवाल यह है कि जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने नवनिर्वाचित अध्यक्ष की ही जानकारी नहीं है कि वह कौन है, कैसे दिखते हैं तो यह कार्यकर्ता कैसे पार्टी को मजबूत करेंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।

बृजलाल खाबरी प्रदेश अध्यक्ष

बैनर बना चर्चा का विषय

कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा लगवाए गया यह होर्डिंग पूरी तरह से कार्यालय में चर्चा का विषय बना रहा। कार्यकर्ता आपस में ही बात करने लगे कि यह किसने लगाया था और किससे इतनी बड़ी गलती हो गई। फिलहाल इस पर किसी बड़े नेता ने प्रतिक्रिया तो नहीं दी लेकिन छोटे नेताओं का कहना जरूर था कि वह अपने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को जानते हैं। लेकिन जिसने बैनर बनवाया है, उसकी गलती से फोटो गलत लग गई है।