स्टूल लगाकर लाइनों में क्यों नहीं बैठते भाजपाई?…यूपी में ईंधन संकट पर अखिलेश यादव का सबसे तीखा हमला

Politics

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कथित एलपीजी और पेट्रोल संकट के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। अखिलेश ने उपमुख्यमंत्री के ‘सिलेंडर भिजवाने’ वाले दावे पर तंज कसते हुए कहा कि इस बयान ने खुद साबित कर दिया है कि सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी के पीछे सत्ताधारी दल के ही लोग हैं।

​”डिप्टी CM सार्वजनिक करें अपना नंबर”

अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यदि उपमुख्यमंत्री के पास सिलेंडर उपलब्ध हैं, तो उन्हें सोशल मीडिया पर अपना फोन नंबर डालना चाहिए।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “डिप्टी CM अपने घर, कार्यालय या फिर सीधे अपने जमाखोरी वाले अंडरग्राउंड गोदाम का ही पता दे दें, ताकि जनता वहां से सिलेंडर ले सके।”

भाजपाइयों से अखिलेश के 3 तीखे सवाल:

सपा प्रमुख ने सरकार और भाजपा कार्यकर्ताओं की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा:

​सेवा का दावा करने वाले दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता अब कहाँ नदारद हैं?

​गैस और तेल की लाइनों में लगे लोगों की मदद के लिए भाजपाई गले में पट्टा और झंडा लगाकर बाहर क्यों नहीं निकल रहे?

अपनी कार्यशैली के लिए चर्चित रहने वाले भाजपाई अब गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के आगे ‘स्टूल’ लगाकर क्यों नहीं बैठ रहे?

‘आपदा में अवसर’ की क्रोनोलॉजी: “पहले डराओ, फिर दाम बढ़ाओ”

अखिलेश यादव ने भाजपा के लोकप्रिय नारे ‘आपदा में अवसर’ का नया अर्थ समझाते हुए इसे कालाबाजारी का मॉडल बताया। उन्होंने इसकी ‘क्रोनोलॉजी’ स्पष्ट की कहा पहले संकट का दुष्प्रचार कर जनता में डर पैदा करो और लंबी लाइनें लगवाओ। फिर किल्लत के लिए दूसरों को दोषी ठहराओ और मीडिया के जरिए डर को बढ़ाओ। जब जनता त्रस्त हो जाए, तो दाम कई गुना बढ़ा दो और पिछले दरवाजे (ब्लैक) से सप्लाई देकर अकूत दौलत कमाओ।

​”भाजपा हटाओ, सुख-चैन पाओ”

सपा अध्यक्ष ने तीखे शब्दों में कहा कि भूख और धूप से त्रस्त जनता अब भाजपा के ‘महाझूठ’ को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच ही ‘काला-कारोबारी’ है। अखिलेश ने अपने पोस्ट का अंत “भाजपा हटाओ, सुख-चैन पाओ” के नारे के साथ किया।