नई दिल्ली/लखनऊ: देश में शुक्रवार (15 मई 2026) की सुबह आम जनता के लिए महंगाई का बड़ा झटका लेकर आई। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुए भारी इजाफे के बाद अब संपीड़ित प्राकृतिक गैस (CNG) के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। इस चौतरफा महंगाई ने आम आदमी के घरेलू बजट को पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर सियासत भी गरमा गई है और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर करारा तंज कसा है।
अखिलेश यादव का तंज— “साइकिल ही विकल्प है”
पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में हुई इस अचानक वृद्धि पर चुटकी लेते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न का जिक्र करते हुए लिखा “आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।” अखिलेश का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विपक्षी खेमा इसके जरिए सरकार को घेरने में जुट गया है।
लखनऊ में पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दाम
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी ईंधन के दामों में जोरदार उछाल आया है पेट्रोल 2.84 रुपये महंगा होकर अब 97.55 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।, डीजल: 3.01 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 90.82 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।, साथ ही ग्रीन गैस लिमिटेड के एजीएम प्रवीण सिंह के मुताबिक, सीएनजी के दाम जब पिछले दिनों रिवाइज हुए थे, तभी इनमें 2 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी थी। इसलिए लखनऊ, आगरा, अयोध्या, सुल्तानपुर और उन्नाव में फिलहाल वही दरें यानी 98 रुपये प्रति किलोग्राम ही लागू रहेंगी, इनमें आज कोई नया बदलाव नहीं हुआ है।
दिल्ली में सीएनजी ₹2 महंगी
देश की राजधानी दिल्ली में सीएनजी उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर झटका लगा है। यहाँ सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इस संशोधन के बाद दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी है।


