राम नवमी 2026 कब है? जानें 26 और 27 मार्च की तिथियों का गणित और राम जन्मोत्सव का शुभ मुहूर्त

Religion/ Spirituality/ Culture

नई दिल्ली: देशभर में चैत्र नवरात्रि की धूम है और आज सातवें दिन भक्त माँ कालरात्रि की उपासना कर रहे हैं। लेकिन इस बीच, राम नवमी और कन्या पूजन की तिथि को लेकर श्रद्धालुओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस वर्ष चैत्र नवरात्रि पूरे नौ दिन की न होकर आठ दिनों की है, क्योंकि अष्टमी और नवमी तिथि का संयोग एक ही दिन बन रहा है।

राम नवमी 2026: 26 या 27 मार्च?

भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव इस बार 26 और 27 मार्च, दोनों ही दिन मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 26 मार्च 2026 को सुबह 11:48 बजे शुरू होगी और 27 मार्च को सुबह 10:06 बजे तक रहेगी।

चूँकि प्रभु श्री राम का जन्म ‘अभिजीत मुहूर्त’ और ‘पुनर्वसु नक्षत्र’ में हुआ था, और यह संयोग 26 मार्च को सुबह 11:30 बजे के बाद बन रहा है, इसलिए अधिकांश स्थानों पर इसी दिन जन्मोत्सव मनाया जाएगा। वहीं, रामनगरी अयोध्या में श्री रामलला का भव्य जन्मोत्सव 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 12:27 बजे आयोजित किया जाएगा।

कन्या पूजन और पारण का समय

उदया तिथि को मानने वाले लोग 27 मार्च को राम नवमी मनाएंगे। इसी दिन नवरात्रि के विशेष अनुष्ठान ‘कन्या पूजन’ और ‘कंचिका’ का आयोजन भी किया जाएगा। नवमी तिथि सुबह 10:06 बजे तक रहने के कारण, कन्या पूजन के पश्चात ही व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपना पारण करेंगे।

यह समय दुनियाभर के राम भक्तों के लिए अत्यंत पावन है, जहाँ एक ओर माँ शक्ति की विदाई होगी, वहीं दूसरी ओर अयोध्यापति के प्राकट्य का उत्सव मनाया जाएगा।