शादी के लिए बना ‘नकली दरोगा’: वर्दी पहनकर लड़की वालों पर झाड़ रहा था रौब, कलेक्ट्रेट से हुआ गिरफ्तार

Crime

सहारनपुर: बरेली के एक युवक को दरोगा की वर्दी पहनकर शादी का रिश्ता तय करना भारी पड़ गया। खुद को यूपी पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर लड़की वालों पर रौब गालिब कर रहे इस जालसाज को सहारनपुर पुलिस ने जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान बरेली जनपद के जशनपुर निवासी कासिम पुत्र पुत्तन के रूप में हुई है।

तीन महीने से चल रहा था ‘खाकी’ का खेल

आरोपी कासिम पिछले तीन-चार महीनों से पीलीभीत के एक परिवार के साथ रिश्ते की बात कर रहा था। खुद को साल 2023 बैच का दरोगा बताने वाले कासिम ने दावा किया था कि उसकी तैनाती सहारनपुर जनपद में है। गुरुवार को जब लड़की वाले उससे मिलने सहारनपुर पहुंचे, तो कासिम ने उन्हें कलेक्ट्रेट बुलाया और वहां दरोगा की वर्दी पहनकर अपनी ड्यूटी होने का ढोंग करने लगा।

असली दरोगा ने ऐसे खोली पोल

​कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद असली दरोगा अमित कुमार को कासिम की हरकतों और वर्दी पहनने के तरीके पर शक हुआ। उन्होंने जब कासिम से उसका रोल नंबर और ट्रेनिंग से जुड़े तकनीकी सवाल पूछे, तो वह हड़बड़ा गया और सही जवाब नहीं दे पाया। संदेह गहराने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाना सदर बाजार पहुँचाया, जहाँ कड़ी पूछताछ में उसकी हकीकत सामने आ गई।

​शादी की चाहत ले डूबी

पूछताछ के दौरान कासिम ने कबूल किया कि उसका पुलिस में चयन नहीं हुआ था। अच्छी जगह शादी हो सके और ससुराल पक्ष पर दबदबा बना रहे, इसलिए उसने बाजार से वर्दी खरीदी और खुद को दरोगा बताना शुरू कर दिया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि वे इस रिश्ते को अच्छा मानकर कलियर शरीफ दरगाह जियारत करने गए थे। वापसी में कासिम से मिलने का प्रोग्राम बना, लेकिन यहाँ पहुँचते ही उसकी असलियत उजागर हो गई। उन्होंने राहत जताई कि वे एक बड़े धोखे का शिकार होने से बच गए।

वहीं, आरोपी के पिता पुत्तन ने इस पूरे मामले से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें बेटे की इन करतूतों की कोई जानकारी नहीं थी। थाना अध्यक्ष कपिल देव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।