उत्तराखंड की सनसनी सोनम ठाकुर का बॉलीवुड में धमाकेदार आगाज: जावेद अली और सुनिधि चौहान जैसे दिग्गजों संग बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग): देवभूमि उत्तराखंड की उभरती हुई प्रतिभा सोनम ठाकुर अब क्षेत्रीय सीमाओं को लांघकर बॉलीवुड की ग्लैम दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पिछले चार वर्षों से उत्तराखंड की पहाड़ी रीजनल इंडस्ट्री में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुकीं सोनम अब एक अभिनेत्री के साथ-साथ ‘प्रोड्यूसर’ के रूप में भी नई पारी शुरू कर रही हैं। उनके इस महत्वाकांक्षी सफर में म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने प्रोड्यूसर अंशुल सोनी और उनकी कंपनी ‘मूवमेंट क्रिएशन्स एलएलपी’ (Movement Creations LLP) का साथ मिला है।

​दिग्गज गायकों की आवाज से सजेगा प्रोजेक्ट

सोनम ठाकुर की अपनी कंपनी ‘नाटी नेशन रिकॉर्ड्स’ और अंशुल सोनी के बीच हुआ यह जॉइंट वेंचर भारतीय संगीत जगत के सबसे बड़े नामों को एक साथ लाने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में मास्टर सलीम, सुनिधि चौहान, कुमार सानू, अलका याग्निक, पलक मुच्छल, कृष्णा बेउरा और श्रेया घोषाल जैसे दिग्गज कलाकारों की सुरीली आवाजें सुनने को मिलेंगी।

जावेद अली के गाने “तू जहां है मेरा” से होगी शुरुआत

इस सीरीज का पहला म्यूजिक एल्बम “तू जहां है मेरा” होगा, जिसे मशहूर पार्श्व गायक जावेद अली ने अपनी जादुई आवाज से सजाया है। इस म्यूजिक वीडियो में सोनम ठाकुर खुद मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जिसमें दर्शकों को उनका एक बिल्कुल नया और ग्लैमरस अंदाज देखने को मिलेगा। इस सीरीज का निर्देशन सुब्रतो करजाना कर रहे हैं, जबकि संगीत की कमान राजीव रॉय चौधरी ने संभाली है।

उत्तराखंड और मुंबई की लोकेशन्स पर होगी शूटिंग

मई 2026 से शुरू होने जा रहे इस मेगा प्रोजेक्ट की शूटिंग मुंबई की चकाचौंध और उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में की जाएगी। कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी शुभम आर्य और सहायक कोरियोग्राफर मोनी ठाकुर को दी गई है। प्रोजेक्ट की मार्केटिंग और लॉन्चिंग की कमान सपना सोनी (मार्केटिंग हेड) और रोहन सोनी (ए एंड आर लीड) संभाल रहे हैं।

​पहाड़ी कलाकारों के लिए बनेगा ब्रिज

देहरादून की मूल निवासी सोनम ठाकुर के लिए यह केवल करियर का विस्तार नहीं, बल्कि एक मिशन है। वह इस नेशनल प्लेटफॉर्म के जरिए उत्तराखंड के अन्य प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए भी रास्ता बनाना चाहती हैं। अंशुल सोनी और सोनम ठाकुर की यह साझेदारी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक नए और पावरफुल अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।