NEET परीक्षा में ड्रेस कोड पर बवाल: बुर्का पहनने को लेकर छात्रा को केंद्र पर रोका, प्रशासन के दखल के बाद मिली एंट्री

Regional

अजमेर के एक NEET परीक्षा केंद्र पर उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक छात्रा को बुर्का पहनने के कारण केंद्र में प्रवेश से रोक दिया गया। ब्यावर से परीक्षा देने पहुंची छात्रा कुलसुम बानो ने परीक्षा केंद्र प्रशासन पर अपनी धार्मिक पहचान के अपमान का आरोप लगाते हुए कड़ी आपत्ति जताई।

​क्या है पूरा मामला?

​कुलसुम बानो का आरोप है कि केंद्र प्रशासन ने पहले उनसे दुपट्टा हटाने को कहा और बाद में बुर्का उतारने का दबाव बनाया। छात्रा ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “मेरे लिए मेरी पहचान और बुर्का परीक्षा से ज्यादा मायने रखता है। यदि मुझे इन कपड़ों के साथ अंदर नहीं जाने दिया गया, तो मैं परीक्षा नहीं दूंगी।”

छात्रा और उनके पिता मोहम्मद आलिम ने तर्क दिया कि NTA के नियम संख्या 8 में स्पष्ट प्रावधान है कि धार्मिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थी चेकिंग के लिए समय से पहले पहुंचें, जिसका उन्होंने पूरा पालन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी वे इसी वेशभूषा में परीक्षा दे चुकी हैं, तब कोई समस्या नहीं हुई थी।

​प्रशासन के हस्तक्षेप से सुलझा विवाद

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। अधिकारियों ने छात्रा और उसके परिजनों को विश्वास दिलाया कि NTA की गाइडलाइंस का पालन करते हुए निष्पक्षता बरती जाएगी। इसके बाद, निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत छात्रा की गहन चेकिंग और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उसे शांतिपूर्वक परीक्षा देने की अनुमति दे दी गई।

​जिला कलेक्टर ने दी जानकारी

​अजमेर के जिला कलेक्टर लोक बंधु ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा, “परीक्षा केंद्रों पर सरकार और NTA के निर्देशों का अक्षरश: पालन हो रहा है। जो भी अभ्यर्थी वैध एडमिट कार्ड और निर्धारित गाइडलाइंस के साथ आ रहे हैं, उन्हें परीक्षा में शामिल होने दिया जा रहा है।” फिलहाल, परीक्षा केंद्र पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और छात्रा अपनी परीक्षा दे रही है।