आगरा में बोले यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राम की पूजा को पाखंड बताने वालों का हुक्का-पानी बंद कर दें

Politics

आगरा: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को यहां जनता से अपील की कि राम की पूजा को पाखंड बताने वालों का हुक्का-पानी बंद कर दें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के एक बड़े नेता ने अयोध्या में भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक होने पर पूजा को पाखंड बता दिया, यह निंदनीय है।

उप मुख्यमंत्री पाठक भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के बाद प्रतापपुरा स्थित रमाना ग्रांड मैरिज होम के प्रांगण में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया। अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना कर वहां रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की।

समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के लोग तो राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाते हैं। पाठक ने सपा और कांग्रेस के इंडिया गठबंधन की तुलना सड़ी हुई मिठाई से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में यूपीए गठबंधन बनाया। सड़ी हुई मिठाई की तरह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबकर देश की अर्थव्यवस्था को रसातल में पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों का भी बखान किया। ब्रजेश पाठक ने राजकुमार चाहर को भारी मतों से जिताने की अपील भी की।

सभा को भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदश की कैबिनेट मंत्री मंत्री बेबी रानी मौर्य, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा, लोकसभा प्रभारी कन्हैया लाल गुप्ता, लोकसभा संयोजक हेमेंद्र शर्मा, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, छोटेलाल वर्मा, विजय शिवहरे, आकाश अग्रवाल, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक महेश गोयल, डॉ राजेन्द्र सिंह, जितेंद्र वर्मा, कालीचरन सुमन, मधुसूदन शर्मा, प्रदीप भाटी, राष्ट्रीय लोकदल ब्रज क्षेत्र ब्रजेश चाहर, जिलाध्यक्ष महेश जाटव, उपेंद्र सिंह, राजू लवानिया भी मौजूद रहे।

-एजेंसी