यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का आगरा में भव्य स्वागत: योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘जनता तैयार है बदलाव के लिए’

Politics

आगरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हाल ही में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी नियुक्त किए गए वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम का आगरा आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। नई दिल्ली से अपने प्रथम दौरे पर निकले श्री गौतम का काफिला जब रहनकलां टोल प्लाजा पहुंचा, तो अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने नारेबाज़ी और जोश के साथ उनका अभिनंदन किया।

कुशासन और भ्रष्टाचार पर सीधा प्रहार

मीडिया से रूबरू होते हुए यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से कुशासन का बोलबाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहाँ पुलिस को हत्यारा बना दिया गया है और दलितों-महिलाओं के विरुद्ध अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने राम मंदिर में हुए कथित चंदा गबन का मुद्दा उठाते हुए इसे समाज और धर्म के साथ बड़ा धोखा करार दिया।

​राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “ये लोग सिर्फ चंदा ही नहीं, बल्कि विधायक, सांसद और पार्टियाँ तक चुराते हैं। कल हमारे नौ साथियों को नजरबंद किया जाना यह सिद्ध करता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह घबरा चुके हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का बुलडोजर सिर्फ गरीबों पर चलता है और जनता अब इस दमनकारी नीति से मुक्ति चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 2029 में देश में बड़े बदलाव की नींव 2027 के विधानसभा चुनाव परिणामों से रखी जाएगी।

सामाजिक न्याय की लड़ाई का संकल्प

इस अवसर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने कहा कि यूपी प्रभारी के नेतृत्व में पार्टी अब सामाजिक न्याय की निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब बदलाव की आंधी चल पड़ी है और कांग्रेस एक ऐसे समाज का निर्माण करने के लिए संकल्पित है, जहाँ हर वर्ग को उसका संवैधानिक अधिकार और सम्मान मिले।

​प्रमुख उपस्थिति

इस स्वागत कार्यक्रम में भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से आगरा महानगर अध्यक्ष अमित सिंह दिवाकर, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी जैन, मनोज बोहरा, पीसीसी सदस्य शानू खान, उमेश जोशी, शीनू खान, शैफ खान, रफीक उर्फ बिट्टा, शब्बू खान वारसी, जीशान खान, संदीप पांडेय और नासिर जलील आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे मार्ग पर ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंजता रहा।