​नो साल से सेवा का अनूठा संकल्प: श्री गिरिराज जी सेवक मंडल ने 350 से अधिक विशेष बच्चों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

विविध

आगरा। किसी के जीवन में उम्मीद जगाना और किसी परिवार को अपने बच्चे के बेहतर भविष्य का भरोसा देना, सेवा का सबसे बड़ा स्वरूप है। इसी संकल्प के साथ श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार), आगरा पिछले नौ वर्षों से विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के उपचार और सेवा में निरंतर जुटा है। इसी सेवा यात्रा के अंतर्गत रविवार को बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में रे-ऑफ होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 350 से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के साथ तीन माह की निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर में मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, आनुवंशिक रोग, भेंगापन, विकास संबंधी समस्याओं, डीएमडी, व्यवहार संबंधी समस्याओं, दृष्टिबाधिता तथा श्रवण संबंधी समस्याओं से पीड़ित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परीक्षण किया। प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। बच्चों के साथ आए परिजनों के लिए संस्था की ओर से भोजन की व्यवस्था भी की गई, ताकि उन्हें शिविर में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

संस्था के सदस्य अजय गोयल, पवन कुमार अग्रवाल एवं श्याम सुंदर माहेश्वरी ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिव शंकर मीतवार के निर्देशन में 80 सदस्यीय चिकित्सक दल ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

चिकित्सक दल में डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. प्रतिभा शर्मा, डॉ. शुभम, डॉ. श्रुति, डॉ. अमित, डॉ. रवि, डॉ. रावि, डॉ. निशांत, डॉ. वसुंधरा एवं डॉ. स्मृति सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक परामर्श दिया और आगामी तीन माह के लिए निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।

श्री गिरिराज जी सेवक मंडल के चरण सेवक पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि विशेष बच्चों और उनके परिवारों की सहायता के उद्देश्य से यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा। संस्था का प्रयास है कि जरूरतमंद बच्चों को नियमित उपचार, चिकित्सकीय मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि अगला त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर 10 जनवरी 2027, रविवार को आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर मनोज कुमार गर्ग, नीरज कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल, नितिन गोयल, गौरव बंसल, आर.एस. गुप्ता, योगेश बंसल आदि सदस्य उपस्थित रहे।