दशहरा उत्सव: मेहंदी की महक और रंगोली के रंगों से जगमगाया आगरा; मोर, विश्व शांति और नवरात्रि की आकृतियों ने मोहा सबका मन

विविध

आगरा। दशहरा मेला स्वागत समिति के तत्वावधान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को मुरारी लाल खत्री गर्ल्स इंटर कॉलेज, बाग मुजफ्फर खाँ में किया गया। प्रतियोगिता में 175 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और हुनर का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक मेहंदी डिजाइनों ने आयोजन को उत्सवी रंगों से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. बीना लवानिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों और कलात्मक आकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में मोर, विश्व शांति दिवस, चिकित्सक, दीपावली और नवरात्रि सहित विभिन्न विषयों पर बनाई गई आकर्षक आकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

महिला मंडल की संयोजिका तरुणा अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में 175 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महिला मंडल की सह संयोजिका सीमा यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रतियोगिता स्थल पर ही वितरित कर दिए गए।

सांस्कृतिक सचिव अखिल अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कारों का वितरण 20 अक्टूबर को मेला प्रांगण, वैश्य बोर्डिंग हाउस में किया जाएगा।

महिला मंडल की सह संयोजिका स्वपना चतुर्वेदी ने बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मीनू बंसल एवं पारुल पाल शामिल रहीं।

कार्यक्रम में डॉ. योगिता कुलश्रेष्ठ, नीना बघेल, पूजा अग्रवाल, प्रतिभा लवानिया, सांस्कृतिक सचिव आशीष लवानिया, निखिल कुलश्रेष्ठ, महामंत्री विनय जैन नेताजी, सह संयोजक पं. मुकेश शर्मा, मुकुल कुलश्रेष्ठ, मंत्री सौरभ गुप्ता, विशाल तोमर एडवोकेट, राहुल शर्मा, राजीव गुप्ता, सुमित चतुर्वेदी, हिमांशु वर्मा आदि से उपस्थित रहे।