आगरा में ‘वर्दी’ बनाम ‘काला कोट’: दरोगा पर भड़के अधिवक्ता, बोले- “तू अपनी ऐंठन थाने तक रखियो”; रिश्वत के आरोपों के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा

स्थानीय समाचार

​आगरा: ताजनगरी में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच टकराव का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। दीवानी कचहरी के बाहर हुए इस विवाद में एक अधिवक्ता और दरोगा के बीच तीखी नोकझोंक कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में अधिवक्ता का तेवर इतना आक्रामक है कि वह सरेआम दरोगा को चेतावनी देते हुए कह रहा है “तू अपनी ऐंठन थाने तक रखियो… भैया कहकर बहुत सम्मान कर लिया।” यह वीडियो अब शहर के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

“चार्जशीट के पैसे मांगते हो”: दरोगा पर जड़े गंभीर आरोप

​वायरल क्लिप में अधिवक्ता केवल बहस ही नहीं कर रहे, बल्कि दरोगा पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप भी लगा रहे हैं। वीडियो में अधिवक्ता को यह कहते सुना जा सकता है कि पुलिसकर्मी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और चार्जशीट लगाने के नाम पर रिश्वत की मांग करते हैं।

विवाद के दौरान अधिवक्ता के कुछ साथी भी वहां पहुँच गए और आईजीआरएस (IGRS) पर शिकायत करने की धमकी देने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और संबंधित एसआई को वहां से हटाकर ले गए।

ठेल पर ‘उधार और शराब’ का विवाद? पुलिस का पलटवार

​इस पूरे मामले में न्यू आगरा थाना प्रभारी योगेश कुमार ने पुलिस का पक्ष रखते हुए चौंकाने वाला दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, यह विवाद दीवानी के बाहर एक ठेल (रेहड़ी) संचालक की शिकायत से शुरू हुआ था। आरोप है कि कुछ अधिवक्ता ठेल वाले से उधार सामान ले रहे थे और वहां शराब पी रहे थे। जब दुकानदार ने विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। पुलिस का कहना है कि जब दरोगा मौके पर बीच-बचाव करने पहुँचा, तो अधिवक्ता अपनी गलती छुपाने के लिए पुलिस से उलझ गए और झूठे आरोप लगाने लगे।

​थाने में ‘सॉरी’ और समझौता: क्या खत्म हो गई रार?

न्यू आगरा पुलिस के अनुसार, वीडियो वायरल होने से पहले ही इस मामले में पटाक्षेप हो चुका है। विवाद के बाद संबंधित अधिवक्ताओं को थाने बुलाया गया था, जहाँ उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। पुलिस का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया है और अब कोई औपचारिक विवाद शेष नहीं है। हालांकि, वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद कानूनी बिरादरी और आम जनता के बीच बहस फिर से छिड़ गई है।

​सोशल मीडिया पर छिड़ा ‘कोल्ड वार’

​वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ लोग अधिवक्ता की ‘तू-तड़ाक’ वाली भाषा को मर्यादा के खिलाफ बता रहे हैं, तो कुछ पुलिस के रवैये और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले को रफा-दफा बता रही है, लेकिन वीडियो की गूँज अभी थमने का नाम नहीं ले रही है।