मथुरा में दर्दनाक हादसा: स्कूटी फिसली, जन्मदिन मनाकर मां संग लौट रही तीन साल की बच्ची बह गई यमुना में

स्थानीय समाचार

मथुरा में बेमौसम बारिश कहर बनकर बरस रही है। चौबियापाड़ा मोहल्ले के नगला पाइसा में शनिवार देर रात मूसलधार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। तीन साल की बच्ची बारिश के पानी के साथ यमुना में बह गई। जानकारी के अनुसार नितेश चतुर्वेदी की तीन वर्ष की बेटी का शनिवार को जन्मदिन था। घर के पास ही एक धर्मशाला में बच्ची के जन्मदिन का कार्यक्रम था। नितेश की पत्नी बच्ची को लेकर एक रिश्तेदार के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। रात करीब 11 बजे मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।

असकुंडा घाट के पास अचानक उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी बीच पानी के तेज बहाव में नितेश की बच्ची भी बहने लगी। परिजन जब तक उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक वह यमुना में बह गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग जुट गए। मासूम की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बच्ची की मां को रो-रोकर बुरा हाल था।