आगरा-जयपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की जान गई, परिवार में छाया मातम

स्थानीय समाचार

फतेहपुर सीकरी (आगरा)। ताजनगरी के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। आगरा-जयपुर हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट सुबह करीब 9:00 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन का इंतजार कर रहे 28 वर्षीय युवक को रौंद दिया। इस हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बकरीद की खुशियाँ पल भर में बदलीं मातम में

मृतक की पहचान सलमान खान (28 वर्ष) पुत्र इकराहीम, निवासी ग्राम उन्देरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सलमान मुंबई में ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह हाल ही में अपनी बहन के घर भरतपुर गया था और वहां से लौटकर अपने घर आया हुआ था।

ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाने के बाद वह वापस मुंबई लौटने की तैयारी कर रहा था। सुबह वह हाईवे के किनारे किसी वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी काल बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

​पुलिस कर रही चालक की तलाश

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों से उसकी शिनाख्त की।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। फरार ट्रक और चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।