​आगरा में दर्दनाक हादसा: यमुना नदी में नहाते वक्त डूबा 23 वर्षीय युवक, गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा के थाना एत्मादद्दौला क्षेत्र के अंतर्गत घाट बजरिया पर सोमवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में नहाने के दौरान 23 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। लापता युवक की तलाश के लिए यमुना नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

​पेच नगला फतूरी का रहने वाला था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुना में डूबने वाले युवक की पहचान 23 वर्षीय समीर उर्फ कल्ली के रूप में हुई है, जो पेच नगला फतूरी का निवासी था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समीर नदी में नहाने के लिए उतरा था, तभी वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही एत्मादद्दौला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन शुरू कराई। हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी घाट पर पहुँच गए, जिससे वहाँ मातम पसर गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि गोताखोरों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है और युवक का पता लगाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में पूछताछ कर मामले की जाँच में जुटी है।