आगरा: वीआईपी रोड को एक रंग में रंगने के लिए व्यापारियों को उठाना पड़ सकता है खर्च, एडीए के पास नहीं बजट

स्थानीय समाचार

आगरा। पहली बार जी-20 देशों की मेजबानी के दौरान शहर को सजाने की कवायद जारी है। इस बार वीआईपी रोड को फतेहाबाद तक क्रीम, कत्थई और सफेद रंग में रंगा जाएगा। शहर के प्रमुख मार्ग, बाजार और सड़कों को एकरूपता प्रदान करने के लिए खर्चा व्यापारियों को अपनी जेब से करना पड़ सकता है। आगरा विकास प्राधिकरण के पास इसके लिए बजट नहीं है। इसलिए खर्च को लेकर असमंजस की स्थिति है।

बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के आगमन पर वीआईपी रोड को फतेहाबाद तक गेरुआ रंग में रंगा गया था। इस बार गेरुआ रंग पर व्यापारियों को परहेज है। उनका कहना है कि गेरुआ रंग (टेरा कोटा) देखने में अच्छा नहीं लगता। इसलिए क्रीम, कत्थई और सफेद रंग के विकल्प पर सहमति बनी है।

एडीए सचिव गरिमा सिंह ने बताया कि नए कार्यों को लेकर तीन जनवरी को दोबारा बैठक होगी। इसमें एडीए के अलावा नगर निगम, पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागों के प्रतिनिधि रहेंगे।