आगरा: ताजमहल के पांच सौ मीटर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां रोकने के SC के आदेश के खिलाफ व्यापारी हुए लामबंद, मिला जनप्रतिनिधियों का समर्थन

स्थानीय समाचार

एलएस बघेल, आगरा। ताजमहल के पांच सौ मीटर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां रोकने के न्यायालय के आदेश के विरुद्ध वहां के व्यापारी लामबंद हो गये हैं। उनको गुरुवार को जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला है। क्षेत्रीय विधायक डा. जीएस धर्मेश ने कहा है कि चार व्यापारियों को साथ लेकर वे लखनऊ मुख्यमंत्री से मिलवाएंगे। वहीं पूर्व विधायक केशो मेहरा ने कहा है कि ताजगंज क्षेत्र के निवासियों के लिए यह जीवन मरण का प्रश्न है। इसके लिए उन्हें अपने परिवारीजनों के साथ आंदोलन के लिए सड़क पर आना होगा।

ज्ञातव्य है कि एक याचिका पर सुप्रीमकोर्ट ने आदेश दिया है कि ताजमहल के पांच सौ मीटर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बंद की जाएं। इस आदेश के अनुपालन में गुरुवार को आगरा विकास प्राधिकरण की टीम ताजमहल के पूर्वी गेट पर पहुंची। वहां तीन-चार दुकानों का सर्वे किया। इसके बाद शनिवार को दुबारा आने के लिए कहा। इस संबंध में व्यापारियों की एक बैठक आज शाम को हुई । जिसमें पूर्व भाजपा विधायक केशो मेहरा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि ताजगंज क्षेत्र के निवासियों के लिए यह जीवन-मरण का प्रश्न है। इसके लिए उनको परिवारीजनों के साथ सड़क पर उतरना होगा। उन्होंने अपना समर्थन देने के लिए भी कहा।

मौजूदा विधायक डा. जीएस धर्मेश भी वहां पहुंचे। उन्होने कहा कि चार व्यापारियों के साथ वे लखनऊ जाएंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराएंगे। जिससे कि समस्या का कोई हल निकाला जा सके। व्यापारी इस मामले को लेकर शुक्रवार को फिर से बैठक करेंगे। इसमें सुप्रीमकोर्ट जाने की भी तैयारी की जा रही है। व्यापारी दुकान न खोलने के फैसले को दरकिनार रख गुरुवार को दिन भर अपनी दुकान खोलकर बैठे। सभी ने कहा है कि वे तन-मन-धन से लड़ाई लड़ेंगे।

इस आदेश के बाद ताजगंज क्षेत्र के निवासियों की नींद उड़ गयी है। उनके घरों में खाना भी ठीक से नहीं बन रहा। सभी लोग चिंतित हैं कि उनके भविष्य का क्या होगा। अगर व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हो गये तो वे पेट पालन कैसे करेंगे। सभी के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। कुछ समय पहले कोरोना के कारण ताजमहल बंद रहा था तो वे परेशान रहे। अब यह बड़ी परेशानी उनके ऊपर आकर गिरी है। जिससे कैसे उबर पाएंगे ये उनके लिए चिंतनीय है।

-up18news