आगरा: भू माफियाओं के खिलाफ धरने पर बैठा पीड़ित परिवार, पुलिस पर लगाये गंभीर आरोप

स्थानीय समाचार

आगरा: आगरा जिला मुख्यालय पर एक पीड़ित परिवार ने भू माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पीड़ित महिला भूमाफिया के विरोध में धरने पर बैठी है और उसके साथ समाज सेवी संगठन के लोग भी मौजूद हैं। जिला मुख्यालय में धरना दे रहे लोगों का आरोप है कि शाहगंज थाना क्षेत्र में कई भू माफिया सक्रिय हैं लेकिन पुलिस उन पर कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। जिसके चलते आए दिन यह भू माफिया भ्रष्ट अधिकारियों से सांठगांठ कर किसी न किसी की संपत्ति हथियाने का काम कर रहे हैं।

धरने पर बैठी महिला और उसके परिजनों का कहना है कि उसकी शाहगंज भोगीपुरा क्षेत्र में लगभग 10 दुकानें है। इन दुकानों पर दबंगों के परिवार का कब्जा है और उन्हें क्षेत्र के नामजद भूमाफियाओं का संरक्षण है। उनके माध्यम से बेटे को कई मामलों में फंसाया और बेटा चार महीनों से घर नहीं आया है। दबंग उसकी संपत्ति हथियाना चाहते है।

पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठी महिला ने बताया कि पांचों भूमाफिया शाहगंज थाने के नामजद है और सुर्खियों में भी है। गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने पर भी पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। राजनैतिक और पुलिस संरक्षण के कारण अब इन्होंने अगला शिकार उनको बनाया है। उसकी दुकानें व अन्य संपति को हथियाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे है और उन्हें संपति छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

शाहगंज थाने में भूमाफिया गजेन्द्र शर्मा उर्फ बाबा के गिरोह के सदस्यों के खिलाफ 395, 307, 384, 352, 323, 504, 506 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज है लेकिन फिर भी आरोपी बेखौफ होकर घूम रहे है और गरीब व मजबूर लोगों की संपति को अवैध रूप से हथिया रहे हैं। इनके खिलाफ कोई कार्यवाही न होने से स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।