आगरा के पचकुइयां चौराहा पर लगेगी महाराजा दक्ष प्रजापति जी की प्रतिमा, महापौर नवीन जैन ने किया भूमि पूजन

स्थानीय समाचार

आगरा। आज वार्ड 45 के अंतर्गत पचकुइयां चौराहा पर प्रजापति समाज के जनक व आराध्य महाराजा दक्ष प्रजापति जी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन व पचकुइयां चौराहे का नाम परिवर्तन करते हुए राजा दक्ष प्रजापति चौक के पट्टिका का लोकार्पण मुख्य अतिथि श्री नवीन जैन जी महापौर व लोकप्रिय सांसद/केंद्रीय राज्यमंत्री श्री एस.पी.सिंह बघेल जी ने संयुक्त रूप से किया। एमएलसी विजय शिवहरे, डॉ अलौकिक उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर नवीन जैन ने कहा कि हमें अपने महापुरुषों के इतिहास और उनके योगदान को याद रखना चाहिए। इस रूप में आगरा शहर में सर्व समाज के महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित करने का काम किया है, ताकि हमारी भावी पीढ़ी इन महापुरुषों के बारे में जानें। इसी क्रम में आज पंचकुइयां चौराहा पर प्रजापति समाज के प्रमुख देवता महाराजा दक्ष जी प्रतिमा स्थापित करने का आज निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने महापौर को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उन्होंने जहां आज राजा दक्ष जी की प्रतिमा का शिलान्यास कर प्रजापति समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है, उसी तरह अन्य समाज के भी महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित कर सर्व समाज को सम्मान दिया है। वास्तव में जो समाज अपने महापुरुष को भूल जाता है वह दिशाहीन समाज हो जाता है।

महाराजा दक्ष के नाम से चौराहा का नामकरण होने एवं प्रतिमा स्थल का शिलान्यास होने से उत्साहित क्षेत्रीय लोगों ने सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद राजेश कुमार प्रजापति, पार्षद हेमंत कुमार प्रजापति, प्रभु दयाल प्रजापति, यशपाल गोला, नवीन प्रजापति, पार्षद जगदीश पचौरी, पार्षद संजीव चौबे, पार्षद श्रवण कश्यप, पार्षद अनीता खरे, पार्षद मंजुला सिंह, पार्षद उमेश पेरवानी, ओमप्रकाश भार्गव, जयचंद प्रजापति, अशोक गोला, विजय गोला, सुभाष गोला, सुनहरी गोला एवं प्रजापति समाज के लोग मौजूद रहे।