कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुँच गया है। उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईपीएस और चुनाव आयोग के पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा द्वारा दी गई चेतावनी पर अब टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने कड़ा और विवादित पलटवार किया है। एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए जहांगीर खान ने फिल्मी अंदाज में आईपीएस अधिकारी को खुली धमकी देते हुए कहा कि “खेल तुमने शुरू किया, खत्म हम करेंगे।”
”पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त…”
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अपनी ताकत झोंकते हुए जहांगीर खान ने जनसमुद्र के सामने आईपीएस अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पिक्चर अभी बाकी है दोस्त… अभी तो खेल शुरू हुआ है। तुम सोच रहे हो कि कुछ सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों को लेकर हमें डरा दोगे? अगर यहाँ के लोग पैदल चलें तो तुम लोग हवा में उड़ जाओगे।” उन्होंने भाजपा को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यहाँ की महिलाएं दुर्गा का रूप हैं और उन्हें पता है कि असुरों (विरोधियों) का वध कैसे करना है।
विवाद की जड़: रात की छापेमारी और चेतावनी
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब चुनाव आयोग को शिकायतें मिलीं कि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं। इन शिकायतों की पड़ताल करने पहुँचे आईपीएस अजय पाल शर्मा सोमवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान सीधे जहांगीर खान के घर पहुँच गए। वायरल वीडियो में वे परिवार को यह कहते नजर आए कि अगर मतदाताओं को धमकाना बंद नहीं किया गया, तो अंजाम बुरा होगा।
TMC का आरोप: आतंक फैला रही है पुलिस
जहांगीर खान और टीएमसी ने इस कार्रवाई को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित बताया है। टीएमसी का आरोप है कि पुलिस अधिकारी रात के वक्त घरों में घुसकर छापेमारी कर रहे हैं और महिलाओं के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। जहांगीर खान ने साफ किया कि वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और चुनाव के मैदान में इसका जवाब देंगे।
इस बयानबाजी ने बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले इलाके में राजनीतिक सरगर्मी के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी बढ़ा दिया है।


