आगरा: सामाजिक समरसता और सेवा भावना को समर्पित संस्था भारत विकास परिषद (भाविप) नवज्योति शाखा के नवीन सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल रेडिशन में हुआ। एक गरिमामयी अधिष्ठापन एवं स्वागत समारोह के बीच नई कार्यकारिणी ने संगठन की जिम्मेदारी संभाली और समाज के उत्थान के लिए काम करने का संकल्प दोहराया।
नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
समारोह के दौरान मुख्य पदाधिकारियों का विधिवत अधिष्ठापन किया गया। सीए दीपिका अग्रवाल ने अध्यक्ष, नितिन अग्रवाल ने सचिव और अंकुर अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा को बनाए रखने और सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।
पर्यावरण और शिक्षा पर रहेगा फोकस
अध्यक्ष सीए दीपिका अग्रवाल ने अपने संबोधन में आगामी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि नए सत्र में संस्था प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण, निर्धन बच्चों की शिक्षा में सहयोग और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम छोर तक पहुँचने का प्रयास करेगी। सचिव नितिन अग्रवाल ने पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
सांस्कृतिक छटा और दिग्गजों की उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में स्वागत-अभिनंदन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आत्मीयता का वातावरण बना दिया। इस अवसर पर भाविप के क्षेत्रीय अध्यक्ष सीए प्रवीन गोयल, ब्रज प्रांत अध्यक्ष उमेश बंसल, महासचिव विवेक अग्रवाल और कोर कमेटी सदस्य प्रो. सुगम आनंद सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
प्रमुख उपस्थिति
समारोह में प्रदीप अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, अजय गर्ग, डॉ. अमित सिंघल, गौरव बंसल, अरविंद चौधरी, श्रीनाथ गुप्ता, अजय शिवहरे, संजय गुप्ता, अनुराग भटनागर, नीरज जैन, मंजू गुप्ता और बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे।

