‘मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते’, लखनऊ में पोस्टर वॉर से गरमाई यूपी की राजनीति

Politics

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच मुस्लिम वोट बैंक को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बीच वाकयुद्ध तीखा होता जा रहा है। दोनों ही नेता स्वयं को मुस्लिम समाज का वास्तविक हमदर्द बता रहे हैं और एक-दूसरे पर मुस्लिम मतदाताओं को केंद्र में रखकर राजनीति करने का आरोप मढ़ रहे हैं। इस जुबानी जंग के बीच प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पोस्टर वॉर भी चरम पर पहुंच गया है, जहां नए पोस्टरों के जरिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आजम खान को सीधे निशाने पर लिया गया है।

लखनऊ के बर्लिंगटन चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री आजम खान की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर दोनों नेताओं की घेराबंदी की गई है। ‘अब्दुल समाज, उत्तर प्रदेश’ की ओर से लगवाए जाने का दावा करने वाले इन पोस्टरों में अखिलेश और आजम खान के चित्रों पर लाल रंग का क्रॉस (कट) का निशान बनाया गया है।

पोस्टर पर मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए लिखा गया है— ”मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते।” उल्लेखनीय है कि मुजफ्फरनगर दंगों का यह मुद्दा ठीक ऐसे समय में होर्डिंग्स पर उभरा है, जब ओवैसी अपनी जनसभाओं में सपा शासनकाल के दौरान हुए इन दंगों को लेकर समाजवादी पार्टी पर लगातार हमलावर हैं।

संविधान दिवस पर ओवैसी के खिलाफ भी लगे थे होर्डिंग्स

इससे पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की रैली से पूर्व AIMIM चीफ ओवैसी के खिलाफ भी शहर में जगह-जगह होर्डिंग्स लगाए गए थे। ‘उम्मत-ए-मुस्लिम’ की तरफ से लगाए जाने का दावा करने वाली इन होर्डिंग्स में ओवैसी से उत्तर प्रदेश में चुनाव न लड़ने की गुहार लगाई गई थी।

इनमें से एक होर्डिंग पर संदेश लिखा था: “ओवैसी साहब अल्लाह के वास्ते आप हमें हमारे हाल पर छोड़ दिये… जब तक आप हैदराबाद में थे तब तक हम खुश थे हमारे धार्मिक स्थल महफूज थे।”

वहीं, एक अन्य होर्डिंग पर लिखा था: “ओवैसी साहब अगर आप वाकई चाहते है हम खुश रहे, तरक्की करें तो आपको यहाँ (किसी भी राज्य में) चुनाव नही लड़ना चाहिए। अल्लाह ने इस दौरान आपकों ख़ूब नवाज दिया है। अब बस करिए।”