यूपी के जौनपुर में शादी की खुशियाँ मातम में बदली: बारात लेकर जा रहे दूल्हे को बदमाशों ने सरेराह गोलियों से भूना

Crime

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार की रात एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही बाजार में बेखौफ बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे एक दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक किया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद शादी की खुशियाँ पल भर में चीख-पुकार और मातम में तब्दील हो गईं।

मंडप से चंद कदम दूर चलीं गोलियां

जानकारी के मुताबिक, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव निवासी आजाद बिंद (25) की बारात धूमधाम से बीबीपुर जमदहां जा रही थी। घर से महज पांच किलोमीटर दूर बादशाही बाजार के पास पहले से घात लगाए अपाची सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की कार को रुकवाया। इससे पहले कि बारात में शामिल लोग कुछ समझ पाते, हमलावरों ने आजाद पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां आजाद के चेहरे और पेट में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुल्हन के घर मची अफरा-तफरी

एक तरफ दुल्हन पक्ष के लोग बारात के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे थे, वहीं दूसरी तरफ दूल्हे की मौत की खबर ने वहां कोहराम मचा दिया। रात साढ़े नौ बजे तक वधु पक्ष इस अनहोनी से अनजान था, लेकिन जैसे ही हत्या की सूचना पहुँची, शादी का घर मातम में डूब गया। दुल्हन और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर तनाव को देखते हुए सर्किल के कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है।

​रंजिश और आशनाई के एंगल पर जांच

पुलिस की प्राथमिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे कई संदिग्ध पहलू सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आजाद की संगति कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ थी और उसे पहले से ही जान का खतरा महसूस हो रहा था। यही वजह थी कि वह अपनी पसंद की सुरक्षित गाड़ी में सवार होकर निकला था। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यह मामला ‘आशनाई’ या पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ लोगों ने इस शादी को लेकर पहले आपत्ति भी जताई थी।

​पुलिस की कार्रवाई

एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में जौनपुर और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं।

एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद पेशेवर अंदाज में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग और दूल्हे के आपराधिक संपर्कों सहित सभी बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है।