आगरा दीवानी कचहरी में इतिहास: ‘द एडवोकेट एसोसिएशन’ के वार्षिक चुनाव में निर्विरोध चुनी गई पूरी कार्यकारिणी

विविध

आगरा। ताजनगरी की दीवानी कचहरी स्थित अधिवक्ता भवन में ‘द एडवोकेट एसोसिएशन आगरा’ के वार्षिक चुनाव गरिमापूर्ण, शांतिपूर्ण और बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल से संबद्ध इस प्रतिष्ठित संस्था के चुनाव में इस बार आगरा के अधिवक्ताओं ने अभूतपूर्व और ऐतिहासिक एकजुटता का परिचय दिया। किसी भी पद पर खींचतान या गुटबाजी के बजाय वकीलों ने आम सहमति से पूरी की पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध (Unopposed) चुन लिया। इस नई टीम में वरिष्ठ अधिवक्ता गोविंद शरण बघेल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।

ऐतिहासिक निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने वकीलों के मान-सम्मान, न्यायिक गरिमा और बार व बेंच की मजबूती के लिए निरंतर संघर्ष करने का सामूहिक संकल्प लिया।

​एल्डर कमेटी की सख्त निगरानी में पूरी हुई चुनावी प्रक्रिया

​इस बार का चुनाव पूरी तरह ‘बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश’ के मॉडल बायलॉज (नियमों) के अधीन कराया गया। दीवानी कचहरी परिसर में मस्जिद के पास स्थित अधिवक्ता भवन में आयोजित इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में चुनाव अधिकारी और एल्डर कमेटी की देखरेख की मुख्य भूमिका रही। बार के समस्त सदस्यों ने इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लिया और एकमत होकर पूरी नई कार्यकारिणी का खुलकर समर्थन किया।

जानिए किसे मिली क्या जिम्मेदारी? (पूरी कार्यकारिणी की सूची)

निर्विरोध चुनी गई ‘द एडवोकेट एसोसिएशन आगरा’ की नई टीम में अनुभवी और युवा चेहरों का शानदार संतुलन देखने को मिला है। जिसमे ​अध्यक्ष गोविंद शरण बघेल, सचिव (महासचिव) विष्णु कुमार सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल सिंह तोमर, उपाध्यक्ष लोकेश कुमार शर्मा, अमित सिंह, श्रीभगवान शर्मा और नरेंद्र पाल सिंह, ​कोषाध्यक्ष विनोद कुमार (एडवोकेट), संयुक्त सचिव संदीप कुमार यादव, सौरभ बघेल, विनय कुमार शर्मा, लायक वर्मा, रामबाबू शर्मा, राजेश कुमार और आरती अग्रवाल, ​कार्यकारिणी सदस्य (Executive Members) कुलदीप सिंह, आयुष गौड़, मन्नू श्रीवास्तव, महेंद्र सिंह, तेजस्विनी अग्रवाल और कुमारी सविता को निर्विरोध चुना गया ।

नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर हुआ भव्य स्वागत

चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद संस्था के संरक्षक अरुण पचौरी (एडवोकेट), एल्डर कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता (एडवोकेट) तथा एल्डर कमेटी के सम्मानित सदस्य विजय वर्मा व विजयपाल सिंह यादव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मंच पर बुलाकर आधिकारिक नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके बाद कचहरी परिसर में ढोल-नगाड़ों और माल्यार्पण के साथ विजयी पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया।

​इस गरिमापूर्ण शपथ और स्वागत समारोह में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा, महासचिव राजेंद्र गुप्ता, धीरज, हरजीत अरोड़ा, देवेंद्र वर्मा, बीएस फौजदार, नारायण सिंह और एमपी सिंह बघेल सहित भारी संख्या में वरिष्ठ और युवा अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने नई टीम को बधाई देते हुए वकीलों की इस एकता को हमेशा बनाए रखने की अपील की।

​”वकीलों की सुरक्षा और सम्मान हमारी पहली प्राथमिकता” — गोविंद शरण बघेल

​सर्वसम्मति से चुने गए नए अध्यक्ष गोविंद शरण बघेल ने अपनी जीत के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बार एसोसिएशन हर एक अधिवक्ता की सुरक्षा, उनके अधिकारों और पेशेवर सम्मान की रक्षा के लिए चौबीसों घंटे पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतांत्रिक न्याय व्यवस्था की असली रीढ़ है, उनके हितों और कल्याणकारी योजनाओं के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।