आगरा: ताज सुरक्षा घेरे को तोड़कर अंदर घुसी कार, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप

स्थानीय समाचार

आगरा: बुधवार सुबह ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। जिसने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। एक कार ताज सुरक्षा में लगाये गए दो सुरक्षा बैरियर के घेरे को तोड़कर ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुँच गयी। इस गाड़ी का नंबर बाहर का था।

बाहर के नंबर की गाड़ी कैसे को ताज पूर्वी गेट तक पहुंच गई। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ताज के पूर्वी गेट पहुंची इस गाड़ी का वीडियो भी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है और जांच पड़ताल में जुट गई है।

ताजमहल पर सुरक्षा व्यवस्था रेड जोन और यलो दोनों में बंटी हुई है। रेड जोन का मतलब है स्मारक परिसर की अंदर की सुरक्षा व्यवस्था जिसका जिम्मा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल संभाल रही है। यलो जोन की सुरक्षा व्यवस्था ताजमहल की 500 मीटर की परिधि की सुरक्षा व्यवस्था है जिसकी व्यवस्था आगरा सिविल पुलिस संभालती है। शिल्पग्राम से ताजमहल के पूर्वी गेट के मध्य दो सुरक्षा बैरियर हैं। इनमें से एक होटल अमर विलास और दूसरा होटल ताज खेमा के नजदीक हैं। यहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं।

 

बुधवार सुबह इन दोनों बैरियर को पार कर सफेद रंग की गाड़ी ताजमहल के पूर्वी गेट के नजदीक तक पहुंच गई। ताज के पूर्वी गेट तक कार के पहुंचने का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस कर्मियों को भेजा गया पुलिस को देखकर कार चालक कार ले जाने लगा तो पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया।

बताया जाता है कि कार का चालान भी काटा गया है। फिलहाल पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही।