आगरा: लिफ्ट कम्पनी के प्रबंधक का शव घर में फंदे पर लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

Crime

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में गुरू के ताल गुरुद्वारे के सामने स्थित गुरू तेग बहादुर कालोनी में रहने वाले लिफ्ट कंपनी के मैनेजर का शव आज शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे पर लटका मिला।

मृतक के कमरे के दरवाजे खुले हुए थे। पास ही रखी कुर्सी पर दोनो मोबाइल रखे हुए थे। मृतक कुलबीर सिंह नेगी एक वर्ष से किराए पर रह रहे थे। उनकी पत्नी और बच्चे दिल्ली में रहते हैं। कुलबीर की पत्नी सुबह उनके मोबाइल फोन पर कॉल कर रही थीं। पति का फोन नहीं उठने पर पत्नी ने उनके कार्यालय में साथी कर्मचारियों को फोन किया। कर्मचारी ने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी।

मकान मालिक अंदर गए तो कमरा खुला हुआ था।
मैनेजर का शव कमरे में पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। पास में ही कुर्सी रखी थी, लेकिन वह गिरी नहीं थी। उनका एक पैर बेड पर टिका हुआ था। पास में ही दोनों मोबाइल फोन चार्जिंग में लगे थे। इसके अलावा कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कमरे की परिस्थितियां साजिश की ओर इशारा कर रही थीं। क्योंकि खुदकुशी करने वाले की मानसिकता कमरा अंदर से बंद करने की होती है।

मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने आसपास के लोगों से जानकारी की। कालोनी के लोगों ने पुलिस को बताया कि कुलबीर का व्यवहार काफी अच्छा था। वह सभी से अच्छी तरह से बातचीत करते थे। उनकी पत्नी बच्चों की पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रही थीं। इंस्पेक्टर सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि कुलबीर की मृत्यु का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

-एजेंसी