यूपी: मैनपुरी में रास्ते के विवाद में पिता-पुत्र सहित तीन की गोली मारकर हत्या, तिहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव

Crime

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में सोमवार को करहल क्षेत्र के गांव नगला अतिराम में रास्ते के विवाद को लेकर महिला सहित पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी हासिल की। हत्याकांड के बाद गांव में तनाव है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुरी में करहल क्षेत्र के गांव नगला अतिराम निवासी कायम सिंह का गांव के ही कुछ लोगों के साथ रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई।इस दौरान दूसरे पक्ष द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। जिसमें कायम सिंह, उनके पिता रामेश्वर सिंह और उनके भतीजे की पत्नी ममता गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की चपेट में आकर एक अन्य महिला भी घायल हुई है। जिसे अस्पताल भेजा गया है

। मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंच गए हैं। तिहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव के हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। मैनपुरी एसपी विनोद कुमार ने बताया है कि परिवार के ही दो घरों में रास्ते पर विवाद चल रहा है। इसमें एक दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद सोमवार को राहुल यादव ने फायरिंग कर दी। 4 लोगों को गोली लगी, इसमें कायम सिंह, रामेश्वर दयाल और ममता देवी की मौत हो गई। सरोजनी देवी घायल हैं।

एसपी के मुताबिक, राहुल ने पहले गांव के बाहर जहां घेर में वो रहता था, वहां जाकर उसको गोली मारी। इसके बाद घर पर आकर फायरिंग की। जिसमें फिर 3 लोगों को गोली लगी। एसपी ने कहा है कि कई टीमें बनाई गई हैं, कुछ लोग राहुल के साथ उसके जीजा के होने की भी बात कही गई है। इस पर तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि एक दिन पहले जो विवाद हुआ था, उसकी कोई शिकायत नहीं दी गई थी।