अमेरिका में बालशोषण की दास्‍तां, दूसरे देशों से आए बच्चों से कराए जा रहे खतरनाक काम

Cover Story

यह काम खतरनाक है। तेजी से घूमती घिर्रियां और गेयर से एक महिला की अंगुलियां फट चुकी हैं। सिर खुल चुका है। फैक्टरी में केरोलिना जैसे कम आयु के कामगारों की भरमार है। अधिकतर बच्चे मध्य अमेरिकी देशों से आए हैं। ये कामगार शोषण की एक नई अर्थव्यवस्था का हिस्सा हैं। अपने माता-पिता के बिना अमेरिका आ रहे माइग्रेंट बच्चों को बेहद खराब हालात में काम करना पड़ता है।

हर राज्य में बाल श्रम कानूनों की जमकर अनदेखी हो रही है

फ्लोरिडा, टेनेसी में 12 साल के बच्चे बिल्डिगों की छत सुधारने में लगे हैं। डेलावेयर, मिसीसिपी और उत्तर केरोलिना में स्लाटर हाउस में बच्चे काम करते हैं। साउथ डकोटा में बच्चे रात की शिफ्ट में आरा मशीनों से लकड़ियों के तख्ते काटते हैं। बाल मजदूरों की संख्या दस साल में धीरे-धीरे बढ़ी है। लेकिन, 2021 के बाद तो जैसे विस्फोट हो गया है। महामारी में बढ़े आर्थिक संकट ने बच्चों को अपने देश से अमेरिका पहुंचाया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्टर ने बीस राज्यों में 100 माइग्रेंट बाल मजदूरों से बात की है।

उनका कहना है, हमने ऐसी परिस्थिति की कल्पना नहीं की थी। एक के बाद एक शहर में बच्चे रात में होटलों में बर्तन धोते मिले। वे वरमोंट में दूध निकालने वाली मशीन चला रहे थे। न्यूयॉर्क शहर में खाने की डिलीवरी कर रहे थे। 13 साल तक की लड़कियां वर्जीनिया में होटलों की चादरें धो रही थीं। अमेरिका के कई भागों में मिडिल और हाई स्कूल के अंग्रेजी भाषा के शिक्षकों ने बताया कि उनके लगभग सभी स्टूडेंट क्लास खत्म होने के बाद काम के लिए भागते हैं। उनकी शिफ्ट लंबी होती है। मियामी के पास होमस्टीड मिडिल स्कूल में शिक्षक वलेरिया लिंडसे कहती हैं, वे 12 घंटे से अधिक काम करते हैं।

आठवीं क्लास का हर बच्चा किसी वयस्क के बराबर काम करता है। अमेरिका में पिछले साल एक लाख 30 हजार नाबालिग बच्चे माता-पिता के बिना दूसरे देशों से आए हैं। सरकारी एजेंसियां इन्हें शोषण से बचाने के लिए कारगर कदम नहीं उठा रही हैं।

मल्टीनेशनल कंपनियां में भी काम करते हैं

अप्रवासी बाल मजदूर छोटे कामों के अलावा ग्लोबल कंपनियों में काम कर रहे हैं। लॉस एंजिलिस में बच्चे जे क्रू शर्ट में मेड इन अमेरिका के टैग लगाते हैं। वे वालमार्ट और टारगेट में डिनर रोल बेक करते हैं। बैन और जैरी आइसक्रीम में इस्तेमाल होने वाले दूध की प्रोसेसिंग करते हैं और होल फूड्स में बिकने वाले चिकन की हडि्डयां निकालते हैं। मिशिगन में बच्चे फोर्ड और जनरल मोटर्स कंपनियों में इस्तेमाल होने वाले ऑटो पार्ट बनाते हैं। अलबामा में फ्रूट ऑफ द लूम सॉक्स कंपनी में काम करते हैं।

-एजेंसी