भक्ति के रंग में रंगी ताजनगरी: महाष्टमी पर निकली दक्ष कन्या मां भगवती की भव्य शोभायात्रा; 80 झांकियों ने मोह लिया मन

विविध

आगरा: चैत्र नवरात्रि की महाष्टमी के पावन पर्व पर आगरा शहर पूरी तरह आस्था और श्रद्धा के सागर में डूबा नजर आया। प्रजापति समाज के तत्वावधान में निकाली गई दक्ष कन्या मां भगवती की विशाल शोभायात्रा ने पूरे नगर को देवलोक जैसा स्वरूप दे दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘जय माता दी’ के उद्घोष के बीच निकली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

80 झांकियां और सामाजिक संदेशों का संगम

नालबंद चौराहा स्थित प्राचीन प्रजापति देवी मंदिर से शुरू हुई इस शोभायात्रा में 80 से अधिक आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। बाबा खाटू श्याम, शिव परिवार, श्रीराम दरबार, काली मां का रौद्र रूप और समुद्र लांघते हनुमान की झांकियों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रही नौ कन्याओं के स्वरूप वाली मुख्य झांकी और राजा दक्ष प्रजापति की झांकी विशेष चर्चा में रही।

शोभायात्रा के माध्यम से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘जल ही जीवन है’ और आगामी चुनावों के मद्देनजर ‘पहले मतदान फिर जलपान’ जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी जन-जन तक पहुँचाए गए।

दिग्गज राजनेताओं और अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत

शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष अशोक गोला एवं महामंत्री नवीन प्रजापति ने मुख्य अतिथियों का पगड़ी व माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. पार्थ बघेल और पार्षद हेमंत प्रजापति सहित अलीगढ़, धौलपुर, फरीदाबाद और मुरैना से आए समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।

पुष्पवर्षा और भंडारों से महका मार्ग

​शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों दक्ष प्रजापति चौक (पंचकुईयां), कोठी मीना बाजार, लोहामंडी, मदिया कटरा, हरीपर्वत, राजा की मंडी, नूरी दरवाजा और सदर भट्टी से होते हुए गुजरी। मार्ग में जगह-जगह व्यापारिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने तोरण द्वार सजाए, पुष्पवर्षा की और श्रद्धालुओं के लिए जल व भंडारे की व्यवस्था की।

​देर रात 12 बजे यह शोभायात्रा पुनः प्रजापति देवी मंदिर पर पहुँचकर संपन्न हुई। इस दौरान सुनहरीलाल गोला, डॉ. भगवानदास दक्ष, राजेश प्रजापति, श्यामलाल प्रजापति और ब्रजरानी प्रजापति सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व्यवस्था संभालते नजर आए।