नई दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है और सूबे की सियासत में रोजाना नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में जहां सांगठनिक फेरबदल करते हुए आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी और मथुरा के आठ बार के विधायक रहे दिग्गज नेता श्याम सुंदर शर्मा को पार्टी में शामिल कराया, वहीं अब एक और बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है।
‘अपनी जनता पार्टी’ के राष्ट्रीय प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है। इस अहम मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने आधिकारिक रूप से ऐलान किया है कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में INDIA गठबंधन का हिस्सा बनकर चुनाव लड़ेगी।
’अपनी जनता पार्टी’ बनेगी INDIA गठबंधन का हिस्सा
दिल्ली में राहुल गांधी से शिष्टाचार भेंट और लंबी चर्चा के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, “हमारी पार्टी ‘अपनी जनता पार्टी’ अब आधिकारिक तौर पर INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी। गठबंधन के तहत भविष्य की क्या रणनीति होगी और हम उत्तर प्रदेश में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, इस पर उचित समय पर बैठकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। हमारा एकमात्र मुख्य उद्देश्य ‘बीजेपी को हटाओ, देश बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ, बीजेपी को हटाओ’ है।”
राहुल गांधी के संघर्ष को सराहा
राहुल गांधी की तारीफ करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने आगे कहा, “जिस तरह से राहुल गांधी पूरे देश में लगातार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं, ठीक उसी तर्ज पर हमारी पार्टी भी उत्तर प्रदेश के स्तर पर जनहित के इन मुद्दों पर काम कर रही है। हमारी और गठबंधन की विचारधारा व संघर्ष का रास्ता एक ही है। इसी समान सोच और वैचारिक मेल के चलते हम गठबंधन के एक अहम घटक के रूप में चुनावी मैदान में उतरेंगे।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले लगातार हो रहे इन बड़े नेताओं के जुड़ाव से उत्तर प्रदेश की सियासत में विपक्षी दलों का कुनबा और अधिक मजबूत होता नजर आ रहा है, जिससे आगामी 2027 का मुकाबला बेहद दिलचस्प होने के आसार हैं।
