आगरा। वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ के शीर्षक और कथानक को लेकर ताजनगरी में ब्राह्मण समाज ने मोर्चा खोल दिया है। समाज के नेताओं और अधिवक्ताओं का आरोप है कि इस सीरीज के माध्यम से ब्राह्मणों को नकारात्मक और ‘घूसखोर’ के रूप में दिखाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को चोट पहुँचाई गई है। इसी विरोध में बड़ी संख्या में लोग थाना न्यू आगरा पहुँचे और निर्माता-निर्देशक व कलाकारों के खिलाफ तहरीर दी।
जाति विशेष को बदनाम करने का आरोप
ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन का प्रतीक रहा है। किसी भी जाति विशेष को लक्षित कर ‘घूसखोर’ जैसे शब्दों का प्रयोग करना न केवल अपमानजनक है, बल्कि समाज में विद्वेष फैलाने वाला कृत्य है। ज्ञापन में मुख्य रूप से निर्माता-निर्देशक नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेई सहित अन्य कलाकारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
अधिवक्ताओं ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा ने इस मामले में पहले ही तहरीर भेज दी थी। वरिष्ठ अधिवक्ता अधर शर्मा और गगन शर्मा ने कहा कि फिल्म जगत द्वारा एक वर्ग विशेष को अपमानित करने का यह प्रयास दंडनीय अपराध है। थाना प्रभारी राजीव त्यागी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

