आगरा: कालिंदी विहार में जैन मंदिर के बाहर पथराव और फायरिंग, दहशत में आए कॉलोनी के लोग

Crime

आगरा: बाइक पर आए युवकों के दो गुटों में रंगबाजी में गोलियां चल गईं। इससे कॉलोनी के लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों में छिप गए।

आगरा के कालिंदी विहार में रविवार शाम को जैन मंदिर के बाहर युवकों के दो गुटों में रंगबाजी में पथराव हो गया। इसके बाद फायरिंग की गई। इससे मंदिर में आए श्रद्धालु और कॉलोनी के लोग दहशत में आ गए। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी भाग गए। पुलिस उनको चिह्नित कर रही है।

घटना शाम तकरीबन सात बजे की है। कालिंदी विहार में 80 फुटा मार्ग पर जैन मंदिर है। इसका निर्माण कुछ महीने पहले ही हुआ है। मंदिर में रविवार को काफी लोग आए हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तीन बाइक पर छह-सात युवक आए। वह मंदिर के गेट के पास खड़े हो गए

युवकों के हाथ में थे हथियार

युवकों के हाथ में हथियार थे। तभी दूसरी तरफ से कुछ युवक और आ गए। दोनों गुट में विवाद के बाद पथराव होने लगा। फायरिंग भी की गई। युवकों के बीच काफी देर तक पथराव हुआ। इसके बाद सभी चले गए। कॉलोनी के लोग भी दहशत में घरों से बाहर नहीं आए।

सूचना पर थाने की फोर्स पहुंच गई। मगर, आरोपी हाथ नहीं आ सके। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कैद हो गई। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा का कहना है कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। युवकों के गुटों में विवाद की जानकारी मिली है। आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।