एसएसपी आगरा ने की अपील, अगर कहीं भी कोई घटना हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें

स्थानीय समाचार

आगरा में शुक्रवार को थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र में सुशील नगर में शिवम और पूजा की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव काफी देर तक गली में पड़े रहे थे। किसी ने भी पुलिस को सूचना नहीं दी थी। शनिवार को एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के शव गली में थे। इतना संकरा इलाका है। छोटी—छोटी गलियां हैं। लोग भी घरों में थे। इसके बाद भी लोगों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। पुलिस को अपने तंत्र से सूचना मिली। तब पुलिस पहुंची। उन्होंने कहा कि इसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जा सकी। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर कहीं भी कोई घटना हो तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। ताकि तत्काल एक्शन लिया जा सके।

मृतक महिला की मां ने लिखाया दहेज हत्या के लिए मुकदमा

एसएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतका पूजा और मृतक शिवम के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। मृतका की मां की तहरीर पहले आई थी। इसमें उन्होंने दहेज उत्पीड़न और दहेज के लिए हत्या का जिक्र किया है। उसके बाद मृतक युवक के परिजनों ने भी उसकी हत्या किए जाने की तहरीर दी थी। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। पूजा की मां की ओर से मिली तहरीर में ही मृतक युवक के परिजनों की ओर से दी गई हत्या की तहरीर को शामिल किया गया है। दोनों को मिलाकर एक ही मुकदमा दर्ज हुआ है।

 

आधा दर्जन आरोपी

एसएसपी ने बताया कि जो तहरीर मिली है, उसमें लगभग आधा दर्जन लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार लोगों को पकड़ लिया गया है, दो अन्य की तलाश है।