आगरा: मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने किया हवन

स्थानीय समाचार

आगरा: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य एक बार फिर बिगड़ गया है। सपा संरक्षक के स्वास्थ्य खराब होने की खबर के बाद उनके समर्थक, करीबी और पार्टी कार्यकर्ता चिंता में डूब गए हैं। स्वास्थ्य खराब होने की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ता और उनके करीबी द्वारा मुलायम सिंह यादव की दीर्घायु के लिए प्रार्थना का दौर शुरू कर दिया गया है। साथ में हवन व यज्ञ भी कर रहे हैं।

आगरा में मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सपा के निवर्तमान प्रदेश सचिव अवनीन्द्र यादव के नेतृत्व में मोहन नगर शाहदरा में माता मंदिर पर महामृत्युंजय जाप एवं हवन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। सभी ने सपा संरक्षक की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।

अवनीन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में समाजवाद की अवधारणा ही आम लोगों का कल्याण कर सकती है। इसलिए मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य ठीक रहना जरूरी है। माता रानी से सभी कार्यकर्ताओं ने मार्मिक अपील की कि हमारी उम्र भी नेता को लग जाये।

इस मौके पर योगेश यादव प्रधान, सचिन बघेल, सुरेश दिवाकर, राम नरेश यादव, मो शरीफ, जितेन्द्र बाल्मीकि, रमेश यादव, बृजेश बिनु यादव, आलोक, अजय, प्रशांत, राहुल, अमन यादव, बॉबी यादव आदि उपस्थिति रहे।