देवरिया में मीडिया के सवालों पर भड़क गए सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्तम

Politics

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल रविवार को समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष अशोक कुशवाहा के घर एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इस दौरान देवरिया रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नरेश उत्तम पटेल के आगमन की सूचना पर मौके पर पहुंचे पत्रकारों ने उनसे पूछा कि अखिलेश यादव आज मुख्तार अंसारी के घर जा रहे हैं। इस सवाल पर नरेश उत्तम ने कहा कि अखिलेश जी हमारे नेता हैं। वह जा सकते हैं। इसी बीच एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि शिवपाल यादव ने कहा है कि चुनाव में जो वोट नहीं देगा उससे हिसाब किया जाएगा। इस सवाल पर नरेश भड़क उठे। उन्होंने उल्टे पत्रकार से ही सवाल कर दिया कि आप से कहा है क्या? बताइये किससे कहा है और किसने सुना है?

इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सपा कांग्रेस गठबंधन एवं कई सीटों पर टिकट बदलने के बारे में भी सवाल पूछा लेकिन नरेश उत्तम पटेल जवाब देने की बजाय नाराज हो गए।

उन्होंने कहा कि जो भाजपा को हराता है समाजवादी पार्टी उसे टिकट देती है। उनके स्वागत में गठबंधन के किसी नेता के न पहुंचने के सवाल पर भी उन्होंने उल्टा ही जवाब दिया। नरेश उत्तम ने इस सवाल पर कहा कि वह स्वयं नेता है और गठबंधन के किसी नेता को नहीं पहचानते हैं। आप पहचानते हैं तो बताएं।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष व्यास यादव, हृदय नारायण जायसवाल, नित्यानंद त्रिपाठी, उमेशनारायण शाही , छेदी यादव समेत दर्जनों नेता उपस्थित थे।

-एजेंसी