आगरा: अधिकारियों की गाड़ी चेक करने वाले सपा-रालोद कार्यकर्ता हुए भूमिगत, दबिश दे रही पुलिस

स्थानीय समाचार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना से 1 दिन पहले आगरा की मंडी समिति में ईवीएम की गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों की गाड़ियां चेक की थी। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ था। गाड़ियां चेक करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी सपा और रालोद नेता भूमिगत हो गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। दस और आरोपियों को चिह्नित किया गया है। इनके भी नाम मुकदमे में बढ़ाने की तैयारी है।

दस मार्च को मतगणना थी। नौ मार्च को सपा और रालोद के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ मंडी समिति परिसर में हंगामा किया था। ईवीएम बदलने का आरोप लगाया था। अधिकारियों की गाड़ियों को चेक किया था। कागजात फेंक दिए थे। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह की गाड़ी को भी रोका गया था।

मामले में एसएसपी के निर्देश पर थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में 24 नामजद और 60 अज्ञात आरोपी हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद नामजद पदाधिकारी सहित अन्य भूमिगत हो गए हैं। पुलिस दबिश दे रही है। हंगामे का वीडियो फुटेज पुलिस के पास है। इसकी मदद से अज्ञात आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। दस के नाम पुलिस को मिल गए हैं। इनके नाम भी केस में बढ़ाए जाएंगे।