आगरा में करोड़ों की जमीन पर सपा नेता की नजर! फर्जी दस्तावेज बनाकर हड़पने का आरोप, विवेक यादव समेत 7 पर FIR

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना एकता क्षेत्र में करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन को फर्जीवाड़े के जरिए हड़पने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। इस धोखाधड़ी के खेल में समाजवादी पार्टी के नेता विवेक यादव सहित सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसा है। आरोप है कि शातिरों ने एक व्यक्ति की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर करोड़ों की संपत्ति को कौड़ियों के भाव हथियाने की साजिश रची।

बीमारी और नशे का फायदा उठाकर रचा खेल

पीड़ित शिवम उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि उनके पिता संजय कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और नशे के आदी हैं। आरोपियों ने उनकी इसी स्थिति का लाभ उठाया और 13 जनवरी 2026 को छल-कपट से एक फर्जी इकरारनामा तैयार करवा लिया। इस दस्तावेज के जरिए उन्होंने करीब 7.5 करोड़ रुपये की बाजार कीमत वाली जमीन का सौदा कागजों पर महज 70 लाख रुपये में दिखा दिया।

​संदिग्ध भुगतान और चेक का जाल

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने इस कथित सौदे में 25 लाख रुपये बयाना (Advance) देने का दावा किया था। इसके लिए जो चेक दिए गए, उन्हें बैंक ने संदिग्ध मानते हुए वापस कर दिया। इससे साफ हो गया कि भुगतान की प्रक्रिया केवल कागजी खानापूर्ति और धोखाधड़ी का हिस्सा थी। पीड़ित का आरोप है कि भुगतान न होने के बावजूद आरोपी अब जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

​धमकी और रंगदारी का आरोप

शिवम उपाध्याय का आरोप है कि जब उन्होंने इस फर्जीवाड़े का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि जमीन छोड़ने के बदले आरोपियों ने तीन करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग की और इनकार करने पर पीड़ित परिवार को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई।

​पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता और सपा नेता की संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने विवेक यादव समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना एकता पुलिस का कहना है कि इकरारनामे और बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।