सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले, भाजपा सरकार युवाओं के वर्तमान और भविष्य दोनों से खेल रही है

Politics

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ‘69 हज़ार शिक्षक भर्ती’ मामले में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि, भाजपा युवाओं के वर्तमान और भविष्य दोनों से खेल रही है। दरअसल, बीते काफी दिनों से ‘69 हज़ार शिक्षक भर्ती’ मामले में अभ्यार्थियों का प्रदर्शन चल रहा है।

अखिलेश यादव ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यार्थियों का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि, ”भाजपा सरकार दिन-पर-दिन अपना विश्वास खोती जा रही है। अब ‘69 हज़ार शिक्षक भर्ती’ मामले में अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करके अपना आक्रोश प्रदर्शित किया। भाजपा युवाओं के वर्तमान और भविष्य दोनों से खेल रही है। सपा ‘69 हज़ार शिक्षक भर्ती’ मामले में शीघ्र समाधान कर तत्काल नियुक्ति की मांग करती है।”

बता दें कि, 69000 शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव किया। बेसिक शिक्षा मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया और अभ्यर्थियों को ईको गार्डन भेजा गया।

Compiled: up18 News