स्कोडा ऑटो इंडिया की ऐतिहासिक छलांग; 2026 की पहली तिमाही बनी ‘बेस्ट एवर’

Business

जोधपुर: भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में स्कोडा ऑटो इंडिया ने सफलता की एक नई इबारत लिख दी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में अपनी अब तक की सर्वाधिक तिमाही बिक्री दर्ज करते हुए 20,028 यूनिट्स का आंकड़ा छुआ है। पिछले वर्ष की इसी अवधि (17,138 यूनिट्स) के मुकाबले कंपनी ने 17% की शानदार वार्षिक वृद्धि हासिल की है। साल 2025 के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद यह निरंतरता दर्शाती है कि भारतीय ग्राहकों के बीच यूरोपीय इंजीनियरिंग और स्कोडा ब्रांड की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है।

​इस अभूतपूर्व सफलता के पीछे स्कोडा काइलैक (Skoda Kylaq) का सबसे बड़ा हाथ रहा है, जिसने हाल ही में 50,000 यूनिट्स की बिक्री का मील का पत्थर पार किया है। इसके अलावा, हाल ही में बाजार में उतारी गई नई स्कोडा कुशाक, स्थिर बिक्री बनाए रखने वाली स्कोडा स्लाविया और प्रीमियम सेगमेंट की पसंदीदा स्कोडा कोडियाक ने मिलकर कंपनी के पोर्टफोलियो को मजबूती प्रदान की है।

​ब्रैंड डायरेक्टर का विजन

स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर, आशिष गुप्ता ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “2026 की शुरुआत हमारे लिए बेहद उत्साहजनक रही है। यह रिकॉर्ड बिक्री पिछले एक साल में तैयार की गई हमारी मजबूत रणनीति और ग्राहकों के अटूट विश्वास का परिणाम है। हमारा फोकस केवल कार बेचने पर नहीं, बल्कि एक सुलभ और प्रीमियम अनुभव देने पर है। काइलैक ने जहां हमें नए क्षेत्रों और ग्राहकों तक पहुंचाया है, वहीं नई कुशाक और स्लाविया ने अपनी श्रेणी में मानक ऊंचे किए हैं। हम आने वाले समय में अपने नेटवर्क विस्तार और ओनरशिप अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

​भरोसे और सेवा का नया मानक

बिक्री के साथ-साथ स्कोडा ने अपनी ‘आफ्टर-सेल्स’ सर्विस को भी प्राथमिकता दी है। कंपनी की ‘स्कोडा सुपर केयर’ पहल ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। इसके तहत पूरी रेंज पर 4 साल की स्टैंडर्ड वारंटी, 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और 4 लेबर-फ्री सर्विस जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं, जो ग्राहकों को मेंटेनेंस के खर्च से निश्चिंत रखती हैं।

वर्तमान में स्कोडा का नेटवर्क भारत के 180 से अधिक शहरों में 330 से ज्यादा टचपॉइंट्स तक फैल चुका है, जिससे छोटे शहरों में भी ब्रांड की पहुंच आसान हुई है।

​तकनीक और सुरक्षा का तालमेल

स्कोडा की रणनीति ‘टेक्नोलॉजी के लोकतंत्रीकरण’ पर आधारित है। कंपनी की नई कुशाक में पेश किए गए सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स, जैसे कि 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और रियर सीट मसाजर, ग्राहकों को लग्जरी का अहसास कराते हैं।

वहीं, सब-4 मीटर सेगमेंट में काइलैक ने अपनी मजबूती साबित की है। सुरक्षा, आराम और आधुनिक तकनीक के मिश्रण ने स्कोडा को उन ग्राहकों की पहली पसंद बना दिया है जो बिना किसी समझौते के बेहतरीन ड्राइविंग अनुभव चाहते हैं।