बिहार के सासाराम में हालात और बिगड़े, गृह मंत्री अमित शाह का दौरा रद्द

National

अमित शाह नहीं जाएंगे सासाराम

अमित शाह रविवार को बीजेपी की ओर से आयोजित सम्राट अशोक की जयंती के मौके पर सासाराम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले थे। 2 अप्रैल को सासाराम के रेलवे मैदान में ये समारोह होना था, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है। इस बात की जानकारी बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने दी है।

इसलिए कैंसिल हुआ शाह का प्रोग्राम

सम्राट चौधरी ने कहा कि जिले में बिगड़े हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने इंटरनेट सेवा 2 दिन के लिए बंद कर पूरे जिले में धारा 144 लागू कर दिया। इसका मतलब यह हुआ कि चार व्यक्ति से ज्यादा लोगों का जमावड़ा धारा 144 लगे रहने तक नहीं हो सकता। ऐसे में अमित शाह का सासाराम का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

नीतीश से अब नहीं संभल रहा बिहार: सम्राट चौधरी

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नवादा का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित रहेगा। वहीं नालंदा और सासाराम में हिंसक झड़प के बाद सम्राट चौधरी ने नीतीश सरकार पर अटैक किया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण के आकंठ में डूबे नीतीश कुमार से अब बिहार संभल नहीं रहा। नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के राज में अपराध चरम पर है। गुंडे फल फूल रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कट्टरपंथियों की ओर से हिंदुओं को त्योहारों पर निकलने वाली झांकी और शोभायात्रा पर पथराव किया जाने लगा है। यह सब देखते हुए भी नीतीश सरकार की पुलिस भी मूकदर्शक की तरह चुपचाप सब कुछ देख रही है।
इसलिए अहम है शाह का ये दौरा

अब तय कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह रविवार को नवादा में तय कार्यक्रम के तहत रैली करेंगे। फिर रविवार रात को ही वे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर शाह की यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। इससे पहले शाह 25 फरवरी को बिहार आए थे और वाल्मिकीनगर में जनसभा को संबोधित किया था। पटना में किसान मजदूर समागम को संबोधित किया था। छह महीने के दौरान गृह मंत्री की यह पांचवीं बिहार यात्रा है।

Compiled: up18 News