म्यूज़िक की दुनिया में सिमरन बग्गा का ‘मास्टरस्ट्रोक’: ‘Saa-E-Yaa’ में दिखेंगे प्यार और जुदाई के अनछुए एहसास

Entertainment

मुंबई। डिजिटल वर्ल्ड में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली सिमरन बग्गा अब म्यूज़िक और विज़ुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में एक नई इबारत लिखने जा रही हैं। उनका बहुप्रतीक्षित म्यूज़िक वीडियो ‘Saa-E-Yaa’ (साईया) रिलीज़ के लिए तैयार है, जो दर्शकों को प्यार, कशमकश और जज्बात के एक गहरे सफर पर ले जाएगा। गोवा के जादुई और शांत समुद्री किनारों पर फिल्माया गया यह गीत न केवल सुनने में मधुर है, बल्कि इसका हर फ्रेम एक अधूरी दास्तां बयान करता है।

​एक्ट्रेस के साथ डायरेक्टर की दोहरी भूमिका

सिमरन बग्गा के करियर के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद खास है। इस म्यूज़िक वीडियो में वे न केवल मुख्य अभिनेत्री के रूप में अपनी अदाकारी का जादू बिखेरेंगी, बल्कि उन्होंने ‘निर्देशक’ (Director) की कुर्सी भी संभाली है। सिमरन का यह विज़न पर्दे पर खूबसूरती से उतरता दिख रहा है। उनके साथ स्क्रीन पर अर्पितोष अशोक की मौजूदगी रोमांस और जुदाई के रंगों को और गहरा करती नजर आएगी।

मधुर संगीत और जज्बातों का ताना-बाना

गाने के पीछे एक सशक्त म्यूज़िकल टीम का हाथ है। अमित मुथरेजा, परिवेश सिंह और सागर लाहौरी की तिकड़ी ने मिलकर एक ऐसी धुन तैयार की है, जो आज की पीढ़ी के उलझे हुए रिश्तों और पहले प्यार की टीस को आईना दिखाती है। गाने का ट्रीटमेंट काफी रूहानी रखा गया है, जो रील की भीड़ में रीयल इमोशन्स को सामने लाता है।

​सिमरन बग्गा ने साझा किए अनुभव

अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित सिमरन कहती हैं, “आजकल हर रोज़ ढेरों गाने रिलीज़ होते हैं, लेकिन हमारा मकसद ऐसी धुन पेश करना था जो लोगों की रूह में बस जाए। पूरी टीम ने इसे बेहद शिद्दत से संवारा है।” लोकेशंस के चुनाव पर उन्होंने कहा, “गोवा की लहरों में एक अजीब सा सुकून और ठहराव है, जो ‘साईया’ की कहानी की रूह से पूरी तरह मेल खाता है।”

​रिलीज़ से पहले ही सोशल मीडिया पर ‘साईया’ को लेकर काफी चर्चा है। सिमरन के चाहने वाले उनके नए अवतार (डायरेक्टर-एक्टर) को देखने के लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।