आगरा। वर्षों से लंबित नीतिगत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एमईएस बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने बुधवार से देशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का शुभारंभ कर दिया। देशभर की 80 से अधिक शाखाओं के लगभग 8,000 सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों के एमईएस कार्यालयों में ज्ञापन देकर सरकार और रक्षा मंत्रालय का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
आगरा में आंदोलन की शुरुआत सदर स्थित सीडब्ल्यूई आगरा एवं सीडब्ल्यूई खेरिया आगरा कार्यालय से हुई, जहां एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कर्नल अनुष कोशी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
एसोसिएशन का कहना है कि एमईएस निर्माण कार्यों से जुड़े कई नियम दशकों पुराने हैं, जिन्हें वर्तमान तकनीकी आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुरूप संशोधित नहीं किया गया है। इसके कारण ठेकेदारों और बिल्डर्स को निर्माण कार्यों के दौरान अनेक व्यावहारिक एवं प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शीर्ष अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखने और लगातार पत्राचार के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीएस मग्गो ने बताया कि
एमईएस बिल्डर्स वर्षों से निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और पुराने नियमों में संशोधन की मांग कर रहे हैं। हमने रक्षा मंत्री सहित शीर्ष अधिकारियों से कई बार मुलाकात की और लगातार पत्राचार भी किया, लेकिन अब तक कोई सार्थक समाधान नहीं निकला। हमारा उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक और पारदर्शी बनाना है। यदि सरकार और संबंधित विभाग ने हमारी समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा। आवश्यकता पड़ी तो देशभर के बिल्डर्स कार्य बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए भी मजबूर होंगे।
एसोसिएशन के महासचिव संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा पहले से तैयार कर ली गई है। प्रथम चरण में देशभर में ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इसके बाद विभिन्न संचार माध्यमों से सरकार और संबंधित विभाग तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। यदि इसके बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को अगले चरण में और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जीएस मग्गो, चेयरमैन सीएम सक्सेना, सेक्रेटरी एके उपाध्याय, काउंसिल सदस्य विनीत गुप्ता, दिनेश अग्रवाल एवं जेजे सिंह सहित तपन माखीजा, एसएम सक्सेना, प्रभात अग्रवाल, अमीन खान, राजीव सोलंकी, राकेश चौधरी, जगदीश अरोड़ा, किशोर हीरा, मोहित कक्कड़ आदि सदस्य उपस्थित रहे।


