चुनाव आयोग से अपेक्षा है कि निष्पक्ष चुनाव कराए: शिवपाल सिंह यादव

Politics

इटावा । सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की बड़ी जीत होगी। पार्टी ने प्रदेश में जीतने वाले प्रत्याशी ही मैदान में उतारे हैं। वे गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व उनके द्वारा सभी कार्यकर्ताओं के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वे और अखिलेश यादव मिलकर चुनाव प्रचार भी करेंगे।

कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशियों को जिताने में लगेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों के दम पर चुनाव में बेईमानी कराई जा सकती है। धन का दुरुपयोग हो सकता है। चुनाव आयोग से अपेक्षा है कि निष्पक्ष चुनाव कराए। जनता ने बुरे दिन झेले हैं, आने वाले दिनों में जनता इसका बदला लेगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देश से भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे।

यूपी में नहीं बची कानून-व्‍यवस्‍था नाम की चीज

प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब है, भ्रष्टाचार फैला हुआ है। अतीक अहमद व उसके भाई अशरफ की हत्या पर शिवपाल ने कहा कि इस मामले में पुलिस व इंटेलीजेंस बिल्कुल फेल हो गई। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज अब उत्तर प्रदेश में नहीं बची है। आरएलडी व सपा के बीच अनबन की खबरों को लेकर शिवपाल ने कहा कि सब कुछ ठीकठाक है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। जातीय गणना के सवाल पर उन्होंने कहा कि जातीय गणना सरकार जानबूझकर नहीं करा रही है। सपा सत्ता में आई तो गणना कराएगी।