आगरा: यमुनापार में युवक की गला रेतकर हत्या, आला अधिकारी मौके पर

Crime

आगरा: वारदात थाना एत्माद्दौला के प्रकाश नगर टावर वाली गली में हुई है। बताया जा रहा है कि 21 साल का घनश्याम घर में अकेला रहता था। उसके भाई जनक की मौत बीमारी से हो चुकी हेै। भाई की मौत के बाद भाभी द्रौपदी अपने मायके में चली गईं। वह वहां पर रह रही थीं। इसके अलावा घनश्याम की मां बेटियों के पास रहती थीं। मोहल्ले वालों का कहना है कि शुक्रवार शाम को वह गली में ही टहल रहा था। उसके पास कई लोग नशा करने के लिए आते थे।

शनिवार सुबह उसका शव खून से लथपथ मिला। किसी धारदार हथियार से गला रेता गया था। बताया जा रहा है कि घर का मुख्य दरवाजा खुल रहा था। सुबह लोगों ने आवाज दी लेकिन अंदर से किसी की आवाज नहीं आई। लोग जब अंदर कमरे में पहुंचे तो वहां उसका शव पड़ा था।

जानकारी पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। जानकारी पुलिस को दी गई। तब सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए।

बताया जा रहा है कि घनश्याम नशा करता था। वह कोई काम नहीं करता था। उसकी भाभी द्रौपदी का आरोप है कि उसकी हत्या उसकी मां, बहन और मामा ने कराई है। उसकी मां उससे मकान खाली करवाकर बेटियों को देना चाहती थी। कुछ दिन पहले पंचायत भी हुई थी।

इधर घनश्याम की मां ने द्रौपदी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा कि उसने हत्या मकान के कारण करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।