गुजरात: भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे अर्जुन मोढवाडिया

Politics

बता दें कि मोढवाडिया गुजरात के सबसे वरिष्ठ और प्रभावशाली विपक्षी नेताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने 2022 के चुनावों में पोरबंदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के दिग्गज नेता बाबू बोखिरिया को हराया था। उनका यह कदम तब आया है जब सात मार्च को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुजरात में प्रवेश करने वाली है।

किस बात पर कांग्रेस से नाराज थे?

बताया जाता है कि करीब 40 वर्षों तक पार्टी के साथ जुड़े रहे मोढवाडिया पार्टी नेतृत्व की तरफ से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता ठुकराए जाने से आहत थे। मोढवाडिया गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। वे वर्तमान में पोरबंदर से कांग्रेस विधायक थे।

गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अंबरीश डेर भी भाजपा में शामिल

इससे पहले कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अंबरीश डेर भी मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने डेर को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निलंबित कर दिया था। पार्टी की अनुशासन समिति ने उन्हें छह साल के लिए निलंबित करने का फैसला रविवार रात को ही लिया।

अंबरीश डेर को 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और वह राजुला में अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी हीरा सोलंकी के हाथों हार गए थे। ऐसी अटकलें है कि अब हीरा सोलंकी को राजुला विधायक पद से इस्तीफा देने को कहा जा सकता है। उन्हें भावनगर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। वहीं, डेर को राजुला सीट से उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

-एजेंसी