सपा लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जनेश्वर मिश्र पार्क तक 30 अक्टूबर को निकालेगी समाजवादी PDA यात्रा

समाजवादी पार्टी लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जनेश्वर मिश्र पार्क तक 30 अक्टूबर को निकालेगी PDA साइकिल यात्रा, अखिलेश भी होंगे शामिल

Politics

लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले तैयारियों को धार देने में जुटे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार 30 अक्टूबर को साइकिल चलाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश देंगे। बता दें कि सपा कार्यकर्ता अभिषेक यादव की लखनऊ पहुंच रही PDA साइकिल यात्रा में अखिलेश यादव भी शामिल होंगे।

अखिलेश यादव गोसाईगंज के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे स्थल से साइकिल चलाएंगे। वह अमूल प्लांट, एचसीएल, सीजी सिटी, प्लासियो मॉल, इकाना स्टेडियम होकर बंधे से चढ़ते हुए सीधे जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल चलाएंगे। अखिलेश यादव अपने शासनकाल में बनाए गए प्रोजेक्टों से गुजरते हुए संदेश देना चाहेंगे। जनेश्वर मिश्र पार्क में अखिलेश यादव उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव समाजवादी चिंतक लोक नायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर जेपीएनआईसी गए थे। जहां एलडीए ने उनके आने से पहले गेट को बंद कर दिया था। गेट पर ताला लगाने के साथ लोहे की चादर से उसको कवर कर दिया था।

मौके पर पहुंचे अखिलेश यादव गेट को फांदकर अंदर चले गए थे। अखिलेश यादव इसी रास्ते वापस भी आए थे। यह मामला इंटरनेट मीडिया पर काफी तूल भी पकड़ा था। अब जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल चलाकर वह कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।

Compiled: up18 News