सलमान खान का ‘साउथ धमाका’: निर्देशक वामशी पेडिपल्ली और निर्माता दिल राजू संग मिलाया हाथ; 2027 की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म की तैयारी

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग): बॉलीवुड के ‘सुल्तान’ सलमान खान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने की तैयारी में हैं। इस बार उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा के दो दिग्गज नामों ब्लॉकबस्टर निर्देशक वामशी पेडिपल्ली और मशहूर निर्माता दिल राजू के साथ हाथ मिलाया है। इस त्रिकोणीय गठबंधन के ऐलान ने फिल्म गलियारों में हलचल मचा दी है और इसे भारतीय सिनेमा का एक ऐतिहासिक सहयोग माना जा रहा है।

​अगले महीने शुरू होगी शूटिंग, दिखेगा सलमान का ‘नया अवतार’

यह हाई-ऑक्टेन एक्शन ड्रामा अगले महीने से फ्लोर पर जाने के लिए तैयार है। सूत्रों की मानें तो यह फिल्म सलमान खान के करियर का एक नया अध्याय साबित होगी। वामशी पेडिपल्ली, जो अपनी दमदार कहानी और भव्य स्क्रीनप्ले के लिए जाने जाते हैं, इस बार सलमान को एक ऐसे किरदार में पेश करने जा रहे हैं जो उनके अब तक के ‘लार्जर दैन लाइफ’ किरदारों से काफी अलग और गहराई वाला होगा।

दिल राजू की भव्यता और वामशी का विजन

निर्माता दिल राजू भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में सफल और भव्य फिल्मों की गारंटी माने जाते हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस के तहत बनने वाली इस फिल्म का स्केल अंतरराष्ट्रीय स्तर का होने की उम्मीद है। सलमान खान की बेमिसाल स्टार पावर, वामशी का विजन और दिल राजू का अनुभव मिलकर इस प्रोजेक्ट को 2027 की सबसे बड़ी फिल्म बनाने की दौड़ में शामिल कर चुके हैं।

​फैंस के लिए ‘सरप्राइज पैकेज’ होगी फिल्म

​हालांकि फिल्म के शीर्षक और बाकी स्टारकास्ट को अभी गुप्त रखा गया है, लेकिन चर्चा है कि फिल्म की पटकथा में इमोशन और एक्शन का ऐसा तालमेल है जो सलमान के फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगा। पिछले तीन दशकों से बॉक्स ऑफिस पर राज कर रहे भाईजान का यह साउथ फिल्ममेकर्स के साथ तालमेल पैन-इंडिया स्तर पर नए रिकॉर्ड बनाने का दम रखता है।