‘बैटल ऑफ गलवान’ से सलमान और चित्रांगदा का ‘मैं हूं’ सॉन्ग रिलीज; सरहद पर तैनात फौजी की प्रेम कहानी ने किया भावुक

Entertainment

मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने वेलेंटाइन डे के खास मौके पर अपने फैंस को एक बेहद खूबसूरत और इमोशनल सरप्राइज दिया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का पहला रोमांटिक गाना ‘मैं हूं’ आज रिलीज कर दिया गया है। बर्फ की सफेद वादियों के बीच फिल्माया गया यह गाना सलमान और चित्रांगदा सिंह की शानदार केमिस्ट्री को दिखा रहा है।

रोमांस और विरह का संगम

‘मैं हूं’ गाना एक सैनिक की अधूरी प्रेम कहानी और परिवार से दूर रहने के दर्द को बयां करता है। गाने में दिखाया गया है कि कैसे सीमा पर तैनात सलमान खान अपनी पत्नी और बच्चों की फोटो देखकर उन्हें याद कर रहे हैं। इस सुकून देने वाले ट्रैक को अयान लाल और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। श्रेया की मखमली आवाज ने गाने की भावनाओं को गहराई से छुआ है, जिसे सोशल मीडिया पर काफी सराहना मिल रही है।

चीन के साथ विवादों में रही फिल्म

फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ अपने टीजर रिलीज के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। चीन की मीडिया ने फिल्म की कहानी पर आपत्ति जताते हुए इसे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ाने वाला बताया था। हालांकि, भारत में इस फिल्म को लेकर भारी उत्साह है। फिल्म का पिछला गाना ‘मातृभूमि’ (अरिजीत सिंह) पहले ही 21 मिलियन व्यूज पार कर चुका है।

​14 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी ‘जंग’

फिल्म की रिलीज डेट में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली यह फिल्म अब 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।