शिवरात्रि से पहले गूंजा ‘महादेव की शादी’ का जयकारा; हंसराज रघुवंशी ने फिर जीता शिव भक्तों का दिल

Entertainment

मुंबई: महाशिवरात्रि के पावन पर्व की आहट के साथ ही संगीत की दुनिया ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से सराबोर हो गई है। शिव भक्ति के लिए दुनिया भर में मशहूर गायक हंसराज रघुवंशी ने अपना नया विशेष गीत ‘महादेव की शादी’ रिलीज कर दिया है। इस गीत ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है, जिसमें बाबा भोलेनाथ की अनोखी बारात का जीवंत चित्रण किया गया है।

​बारात में थिरक रहे हैं भूत-पिशाच और देवता

हंसराज रघुवंशी के आधिकारिक चैनल पर रिलीज हुए इस गीत में दिखाया गया है कि कैसे भस्म और नागों से श्रृंगार कर महादेव, माता पार्वती को ब्याहने निकले हैं। गीत की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ‘डांसिंग वाइब’ है, जिसमें देवता और असुर दोनों ही मस्तमौला अंदाज में नाचते नजर आ रहे हैं। इस गीत को खुद हंसराज ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल दीप फतेह और मिस्ता बाज़ ने लिखे हैं।

​रिलीज होते ही वायरल हुआ गाना

इस गीत को हंसराज की पत्नी कोमल सकलानी ने प्रोड्यूस किया है। रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर गाने ने 50 हजार से ज्यादा व्यूज बटोर लिए हैं। ‘मेरा भोला है भंडारी’ जैसे ब्लॉकबस्टर गीतों के बाद हंसराज का यह नया ट्रैक भी चार्टबस्टर बनने की राह पर है। महाशिवरात्रि 2026 से पहले का यह तोहफा शिव भक्तों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।