22 भाषाओं के लेखकों को साहित्य अकादमी का बाल साहित्य पुरस्कार, हुई घोषणा

Life Style

अकादमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने एक विज्ञप्ति में बताया, “साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में अकादेमी के कार्यकारी मंडल की बुधवार को हुई बैठक में 22 (भाषाओं के) लेखकों को साहित्य अकादेमी बाल साहित्य पुरस्कार 2022 के लिए अनुमोदित किया गया।”

उन्होंने बताया कि हिंदी में लेखिका शर्मा को “क्षमा शर्मा की चुनिंदा बाल कहानियां’ के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

राव के मुताबिक, उर्दू में कमाली को उनके कविता संग्रह ‘हौंसलों की उड़ान’ तथा अंग्रेजी में अर्शिया सत्तार को उनके ‘महाभारत फॉर चिल्ड्रन’ के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संस्कृत में कुलदीप शर्मा को उनके कविता संग्रह ‘सचित्रम् प्रहेलिकाशतकम् (अभिनवसंस्कृतप्रहेलिका:)’ के लिए, राजस्थानी में विश्वामित्र दाधीच उनके कविता संग्रह ‘माछलयां रा आंसू’ के लिए और बांग्ला में जय मित्र को उनके कहानी संग्रह ‘चार पांच जोन बोंधु’ के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही मराठी में संगीता बर्वे को उनके उपन्यास ‘पियूची वही’ के लिए सम्मानित किया जाएगा।

राव ने बताया, “इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है।”

अकादमी के सचिव ने यह भी बताया कि पंजाबी भाषा में इस वर्ष पुरस्कार नहीं दिया जा रहा है जबकि संथाली भाषा में पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2020 के बीच पहली बार प्रकाशित हुई पुस्तकों पर विचार किया गया है।

उसमें बताया गया है कि पुरस्कार के लिए चयनित लेखकों को इस साल 14 नवंबर को आयोजित एक कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। उन्हें पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 ,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

-एजेंसी